जनसाधारण एक्सप्रेस से हाजीपुर पहुंची महिला यात्री से रेप, सरकारी क्वार्टर में रेलकर्मी ने की हैवानियत
Bihar Crime: युवती का कहना था कि ट्रेन में उसके सामान और टिकट की चोरी हो गयी थी। सोनपुर स्टेशन पर रविवार देर रात सहायता की तलाश में उसकी मुलाकात रेलवे में कार्यरत चतुर्थवर्गीय कर्मी सुनील कुमार से हुई।

Bihar Crime: अमृतसर से सहरसा चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस से बिहार के हाजीपुर पहुंची युवती से सोमवार को सोनपुर में रेलकर्मी ने दुष्कर्म किया। वह युवती को सहायता देने के बहाने सरकारी क्वार्टर पर ले गया। पीड़िता के बयान पर एफआईआर के बाद सोनपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय युवती अमृतसर-सहरसा ट्रेन में नई दिल्ली से अपने घर बक्सर जाने के लिए सवार हुई थी। छपरा होते उसे सोनपुर जाना था और वहां से बक्सर जाने की योजना थी। सोनपुर में ट्रेन का ठहराव नहीं होने पर वह हाजीपुर चली गयी।
रविवार की रात किसी ट्रेन से सोनपुर पहुंची। युवती का कहना था कि ट्रेन में उसके सामान और टिकट की चोरी हो गयी थी। सोनपुर स्टेशन पर रविवार देर रात सहायता की तलाश में उसकी मुलाकात रेलवे में कार्यरत चतुर्थवर्गीय कर्मी सुनील कुमार से हुई। आरोप है कि उसने मदद का भरोसा देकर युवती को सोनपुर थाने के समीप स्थित उत्तर कॉलोनी में अपने सरकारी क्वार्टर पर ले गया। सोमवार की सुबह तीन बजे उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया।
युवती किसी तरह वहां से निकलकर पेट्रोलिंग कर रहे थाना गार्ड के पास पहुंची। गार्ड ने तत्काल उसे सोनपुर थाने पहुंचाया। महिला थाना अध्यक्ष सब-इंस्पेक्टर नीलिमा कुमारी ने आरोपी रेलकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
शराब पीने से मना करने पर महिला की हत्या
इधर वैशाली जिले के ही राघोपुर में शराब पीने से मना करने पर महिला की हत्या कर दी गई। जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर 12 स्थित एक घर से सोमवार को धारदार हथियार से गला रेतकर बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फ़ैल गई। शव बरामद होने के बाद से स्वजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। मृत महिला स्थानीय स्व. देव विलास राय के 70 वर्षीय पत्नी दाजो देवी थी। स्वजन ने आरोप लगाया कि घर के पास शराबियों का जमावड़ा लगता था, महिला इसका विरोध करती थी। इसके कारण गला रेतकर हत्या कर दी गई है। घटनास्थल पर एक कटोरा में चिकन और अन्य सामान मिला है। पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार भी बरामद किया है।
बेटा बोला, मां हमेशा शराबियों का विरोध करती थी
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि घर के आसपास कुछ शराबियों का अड्डा हमेशा लगता था। मां हमेशा विरोध करती थी। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले वह गांव आकर अपने मां से मिलकर वापस रांची गया था। बीते शनिवार की शाम मोबाइल पर फोन से बातचीत हुई उसके बाद मोबाइल बंद बताने लगा। लगातार फोन करने के बाद फोन रिसीव नहीं करने पर बगल के एक व्यक्ति को फोन किया तो पता चला कि मां की हत्या कर दी गई है।
इस संबंध में जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के संबंध में पूरी जानकारी लेने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



