बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद मर गई महिला, बिहार के अस्पताल में तोड़फोड़; 12 हिरासत में
बिहार के नवादा जिले के एक अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ है। यहां एक महिला की मौत के बाद परिजन नाराज हो गए और फिर उन्होंने जमकर तोड़फोड़ मचाया है। 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बिहार के नवादा जिल के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने लापरवाही के आरोप में जमकर बवाल मचाया। घटना रविवार की देर शाम नवादा नगर थाना क्षेत्र के सद्भावना चौक पर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के समीप स्थित मेट्रो हॉस्पिटल की है। घटना के बाद भीड़ ने अस्पताल में जमकर हंगामा वऔर तोड़फोड़ किया तथा हॉस्पिटल के कर्मियों के साथ मारपीट की। घटना की सूचना पर नगर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस और पुलिस लाइन से स्वॉट टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। नगर सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा और नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान उपद्रव मचा रहे करीब दर्जन भर लोगों को हिरासत में लिया गया है। ताजा समाचार मिलने तक स्थिति नियंत्रण में बताई जाती है। पुलिस टीम फिलहाल मौके पर कैम्प कर रही है।
मौत के बाद अनियंत्रित हुई भीड़
बताया जाता है कि नेमदारगंज थाना क्षेत्र के मनका गांव के लाल जी चौहान की 40 वर्षीया पत्नी गीता देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसका बच्चेदानी का रविवार की सुबह ऑपरेशन किया गया था। पति लालजी चौहान के मुताबिक उसका सुबह करीब 07 बजे ऑपरेशन किया गया। इसके बाद से उसकी तबियत बिगड़ने लगी। आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने इस दौरान इलाज में लापरवाही बरती, जिसके कारण महिला की शाम करीब 05 बजे मौत हो गई। मौत की सूचना पर गांव से परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गये। बताया जाता है कि उस वक्त तक नगर थाने की पुलिस वहां पहुंचकर मृतका का अन्वीक्षण रिपोर्ट बना रही थी। इसी बीच लोगों ने अचानक बवाल मचाना शुरू कर दिया।
अस्पताल में तोड़फोड़ पर कार्रवाई
तोड़फोड़ के दौरान अस्पताल को काफी क्षति पहुंची बतायी जाती है। भीड़ ने ओपीडी, डॉक्टर चैम्बर, ओटी, एक्सरे रूम व वार्ड आदि में जमकर तोड़फोड़ की। जिससे काफी नुकसान पहुंचा। वहीं पंखा, एसी आदि अन्य उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया। शीशा आदि भी तोड़ दिया गया है। अतिरिक्त पुलिसबल ने मौके पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मौके से एक दर्जन के करीब उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
सदर एसडीपीओ-01, अभिषेक कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान मेट्रो हॉस्पिटल में एक महिला की मौत हुई। जिसके बाद पुलिस वहां पहुंचकर इन्क्वेस्ट बना रही थी। इसी बीच काफी संख्या में मृतका के गांव से लोग वहां पहुंच गये और देखते ही देखते हंगामा व तोड़फोड़ करने लगे। इस बीच नगर थाने की पुलिस ने वहां पहुंच कर स्थिति को संभाला। स्थिति नियंत्रण में है। अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।


