बिहार के छपरा में बाप-बेटे की हत्या के गवाह की गोली मार कर हत्या, सड़क पर प्रदर्शन
छपरा में वकील पिता-पुत्र की हत्या के गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हत्याकांड से यहां सनसनी फैल गई है। मर्डर के बाद अपराधी फरार हैं और गुस्सााए लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है।

बिहार के छपरा जिले में अपराधियों ने पुलिस को खुलेआम चुनौती दी है। यहां अपराधियों ने डबल मर्डर केस से जुड़े एक अहम गवाह को बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में गोली मार दी है। गोली लगने से गवाह की मौत हो गई है। इस हत्याकांड के बाद नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन भी किया है। बताया जा रहा है कि गवाह पंकज कुमार राय की मुफस्सिल थाना इलाके मेथवलिया चौक के पास रविवार की देर रात गोली मारकर हत्या की गई है। इस गोलीबारी में पंकज कुमार राय के छोटे भाई भी जख्मी हो गए हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंकज कुमार राय वकील पिता-पुत्र की हत्या के केस में अहम गवाह थे। पंकज कुमार राय एक समारोह में गए थे। रात के वक्त वहां से लौटने के दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने पहले उन्हें घेरा फिर फिल्मी स्टाइल में गोली मारकर मौत के घाट उतार फरार हो गए। पंकज कुमार राय के साथ मौजूद उनके छोटे भाई को भी गोली लग गई। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पंकज के छोटे भाई का नाम मनीष कुमाार राय बताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तीन बाइक सवार अपराधियों ने पंकज के सिर में गोली माारी थी जबकि मनीष को कान के पास गोली लगी है। गोली लगने के बाद दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया था। बता दें कि साल 2024 में वकील राम अयोध्या राय और उनके अधिवक्ता पुत्र सुनील कुमार राय की हत्या होई थी। उस साल 12 जून को एक जमीन विवाद को लेकर अदालत जाते वक्त दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी। यह डबल मर्डर काफी चर्चा में रहा था। पंकज कुमार राय इस दोहरे हत्याकांड के अहम गवाह थे। जल्द ही इस मामले में उनकी गवाही भी होनी थी।
इधर पंकज कुमार राय की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। नाराज लोगों ने छपरा-पटना मुख्य मार्ग जाम कर हत्या के खिलाफ प्रदर्शन किया है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान यहां वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। शव के साथ सड़क जाम कर रहे प्रदर्शनकारी पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग कर रहे थे।
बहरहाल अब इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक के परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामले की जांच फिलहाल जारी है।


