सम्राट बनेंगे बिहार के नए 'चौधरी'? 5 देशरत्न मार्ग पर BJP, JDU के बड़े नेताओं की आवाजाही तेज

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

डिप्टी सीएम के आवास पर जदयू और बीजेपी के बड़े नेताओं की गतिविधि तेज हो गई है। नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा सम्राट चौधरी के आवास पर जाकर मुलाकात की। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी सम्राट चौधरी के आवास पर पहुंचे।

सम्राट बनेंगे बिहार के नए 'चौधरी'? 5 देशरत्न मार्ग पर BJP, JDU के बड़े नेताओं की आवाजाही तेज

Bihar New CM: 14 अप्रैल को नीतीश कुमार अपनी सरकार की आखिरी कैबिनेट मीटिंग करेंगे। खबर है कि उसके बाद वे सीएम पद इस्तीफा देंगे। 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन होगा। नई सरकार का मुखिया कौन होगा यह इस वक्त का सबसे बड़ा सवाल बन गया है। इस बीच डिप्टी सीएम के आवास 5 देशरत्न मार्ग पर जदयू और बीजेपी के बड़े नेताओं की गतिविधि तेज हो गई है। नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा सम्राट चौधरी के आवास पर जाकर मुलाकात की। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी सम्राट चौधरी के आवास पर पहुंचे।

नई सरकार बीजेपी के नेतृत्व में बनेगी यह तय हो गया है। सीएम पद के लिए सम्राट चौधरी के साथ नित्यानंद राय, विजय सिन्हा, संजय जायसवाल, रेणू देवी, जनक राम, संजीव चौरसिया जैसे कई नाम चर्चा में हैंं। लेकिन, इस रेस में सम्राट चौधरी सबसे आगे हैं। कल 14 अप्रैल को बीजेपी विधायक दल की बैठक में एक नाम पर मुहर लग जाएगी। केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान इसका ऐलान करेंगे। इससे पहले माहौल सम्राट चौधरी के पक्ष में दिख रहा है।

सोमवार को संजय झा और ललन सिंह ने 1 अणे मार्ग जाकर सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। उसके बाद ललन सिंह कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के घर पहुंचे। वहां से निकलकर दोनों सम्राट चौधरी के घर 5 देशरत्न मार्ग पहुंचे। नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। बाहर निकलने पर ललन सिंह और संजय झा ने मीडिया से बात नहीं की लेकिन, इस आवाजाही से सियासी संकेत काफी साफ हो रहे हैं।

कुछ देर बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी सम्राट चौधरी के घर पर पहुंचे। उनके अलावे भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने भी सम्राट चौधरी से मुलाकात की। पहले भी यह चर्चा आम रही है कि सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के बाद सरकार में नंबर 2 के पोजिशन पर हैं। बिहार में यात्रा और जनसंवाद के दौरान नीतीश कुमार खुले मंच से सम्राट चौधरी को प्रोमोट करते दिख चुके हैं। सम्राट चौधरी के साथ एक और बात पॉजिटिव है कि नीतीश कुमार जिस सामाजिक समीकरण को टूल बनाकर बिहार की सत्ता पर 20 सालों तक काबिज रहे उसमें सम्राट चौधरी फिट बैठते हैं।

बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को ही कैबिनेट की बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे। उसके पहले बीजेपी अपने नये नेता का चुनाव कर लेगी। एडीए विधायक दल की बैठक में अनुमोदन के बाद राज्यपाल के समक्ष नई सरकार के गठन का दावा पेश किया जाएगाा । लोकभवन में शपथ ग्रहण की तैयारी भी तेज हो गई है। सोमवार को प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने इसे लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।