बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे; 10वीं बार शपथ लेने के बाद बोले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने दावा किया है कि वह बिहार को विकसित राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में एनडीए की सरकार सर्वांगीण विकास के संकल्प पर काम करेगी।
नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पटना के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में नीतीश ने कहा कि वह लोगों के सहयोग और आशीर्वाद से वह बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार का सहयोग लेकर राज्य के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ काम करेगी।
गांधी मैदान में आयोजित समारोह में परंपरा के अनुसार नीतीश का कोई भाषण नहीं हुआ। राज्यपाल ने नीतीश और उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई और फिर कार्यक्रम खत्म हो गया। इसके बाद शाम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट साझा की। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न राज्यों से आए मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री समेत अन्य नेताओं और आम लोगों का आभार जताया।
बता दें कि इससे पहले 9 बार नीतीश कुमार बिहार के सीएम पद की शपथ ले चुके हैं। उन्होंने पहली बार 3 मार्च 2000 को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, हालांकि बहुमत साबित नहीं कर पाने के चलते उन्होंने 7 दिन बाद ही इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 24 नवंबर 2005 को वे एनडीए की जीत के बाद पूर्णकालिक मुख्यमंत्री बने। इसके बाद से वे लगातार बिहार की सत्ता के केंद्र में बने हुए हैं। इस दौरान, साल 2014-15 में सिर्फ 9 महीने के लिए जीतनराम मांझी मुख्यमंत्री रहे थे। बाकी पूरी अवधि में नीतीश ही सीएम रहे हैं।





