नितिन नवीन के बांकीपुर में कांग्रेस करेगी प्रशांत किशोर का समर्थन? RJD ने तेजस्वी पर छोड़ा फैसला
कांग्रेस के नेता ऋिषि मिश्रा ने कहा है कि भाजपा को हराने के लिए विपक्ष को एकजुट हो कर प्रशांत किशोर का समर्थन करना चाहिए।

Bankipur By-Election: बिहार के बांकीपुर बांकीपुर उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी बड़ा गेम कर सकती है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली बांकीपुर विधानसभा में 30 जुलाई को मतदान होना है। इस बीच कांग्रेस के नेता ऋिषि मिश्रा ने कहा है कि भाजपा को हराने के लिए विपक्ष को एकजुट हो कर प्रशांत किशोर का समर्थन करना चाहिए। राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता ने कहा है कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव जो भी फैसला करेंगे वह सबको मान्य होगा।
बांकीपुर में उपचुनाव की रणभेडी़ बज चुकी है। कई बार के विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से यह सीट खाली हुई है। राजधानी की इस विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी को बेदखल करने के लिए जन सुराज पार्टी ने कमर कस लिया है। पार्टी के सूत्रधार और सर्वेसर्वा, प्रख्यात राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद मैदान में उतर गए हैं। पीके लगातार बांकीपुर में कैंप कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस नेता ऋिषि मिश्रा के एक बयान से बिहार की चुनावी सियासत गर्म हो गई है।
राजद-कांग्रेस नेतृत्व से बात करें प्रशांत किशोरः ऋषि मिश्रा
कांग्रेस नेता ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी अगर बांकीपुर से उखाड़ना है तो विपक्ष को कॉमन कैंडिडेट पर विचार करना पड़ेगा। विपक्ष ने अलग अलग कैंडिडेट उतारा तो बीजेपी को फायदा होगा। इसलिए विपक्ष को एकजुट होकर प्रशांत किशोर को समर्थन कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांकीपुर करीब 40-45 सालों से भाजपा का गढ़ बन गया है। अगर प्रशांत किशोर वहां से चुनाव लड़ना चाहते हैं को उन्हें कांग्रेस और राजद के हाईकमान से बात करना चाहिए। बांकीपुर में भारतीय जनता पार्टी को चैलेंज करने के लिए हम लोगों को भी प्रशांत किशोर का समर्थन करना चाहिए।
क्या बोले राजद प्रवक्ता?
इस पर राजद का भी बयान आया है। प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा है कि बांकीपुर चुनाव के बारे में लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव जो फैसला करेंगे उस पर राजद खड़ा रहेगा। पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता उसे मानेंगे। उन्होंने कहा है कि गठबंधन या उम्मीदवार के नाम के बारे में कोई भी फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष ही लेंगे।
बांकीपुर बीजेपी के लिए नाक का सवाल
बांकीपुर भारतीय जनता पार्टी की ऐसी सीट है जहां 40 सालों से अधिक समय से पार्टी का दबदबा कायम है। नितिन नवीन 2006 से लगातार यहां के विधायक रहे। उससे पहले उनके पिता नवीन किशोर ने 1990 से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इस बार यह सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है जिसे प्रशांत किशोर सीधी चुनौती दे रहे हैं। भाजपा भी इस उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार बैठी है।


