
नीतीश की शपथ के दिन जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह? पटना कोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई कल
दुलारचंद हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद मोकाम से जीत दर्ज करने वाले जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह क्या नीतीश कुमार शपथ वाले दिन बाहर आ पाएंगे। दरअसल अनंत की जमानत याचिका पर कल पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई है। उन्होने आरजेडी की वीणा देवी को हराया है।
दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद मोकामा सीट से जीत दर्ज करने वाले जदयू प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह क्या नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण वाले दिन बाहर आ पाएंगे। इस पर सबकी नजर रहेगी। दरअसल अनंत सिंह ने पटना सिविल कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है। जिस पर गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई है। दायर याचिका में अनंत सिंह ने खुद को इस मामले में राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बताया है। साथ ही पीड़ित परिवार पर राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की बात कही है।
आपको बता दें 30 अक्टूबर 2025 को मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक में जनसुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे दुलारचंद यादव की हत्या की गई थी। आरोप अनंत सिंह पर लगे थे। उन्हें 1 नंवबर की रात गिरफ्तार किया गया था। 2 नवंबर को कोर्ट में पेश करने के बाद बेऊर जेल में रखा गया है।
वहीं चुनाव में मोकामा की सीट से अनंत सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्होने राजद प्रत्याशी बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीणा देवी को हराया। अनंत सिंह को 91,416 वोट मिले। वहीं राजद समर्थित उम्मीदवार वीणा देवी 63,216 वोटों पर सिमट गईं। जेडीयू के अनंत सिंह ने 28,206 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। आपको बता दें नीतीश कुमार गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगे। जिसमें पीएम मोदी समेत बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के सीएम भी पहुंचेंगे।





