बीवी ने आशिक के साथ पति को मार डाला, 15 साल पहले लव मैरिज कर बदला था धर्म
किशनगंज (बिहार) के इमाम की हत्या उसकी पत्नी मोमिना और उसके प्रेमी सुदीपा ने सिलीगुड़ी (बंगाल) में कर दी। इमाम ने टुंपा से 15 साल पहले लव मैरिज की थी। फिर टुंपा ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम बदलकर मोमिना रख दिया था।

बिहार के किशनगंज जिले से बीवी और उसके प्रेमी द्वारा पति की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पोठिया थाना क्षेत्र के उदगारा पंचायत के खारबाड़ी वार्ड 9 के रहने वाले 35 साल के मोहम्मद इमाम की पश्चिम बंगाल में हत्या कर दी गई। आरोप उसकी 30 साल की बीवी टुंपा उर्फ मोमिना बेगम और उसके कथित प्रेमी सुदीप पाल पर लगा है। पुलिस ने पत्नी, प्रेमी समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि टुंपा ने 15 साल पहले इमाम से लव मैरिज की थी। फिर धर्म परिवर्तन कर वह मोमिना बन गई थी। पिछले कुछ महीनों से उसका सुदीप पाल से प्रेम संबंध चलने लगा तो राह में रोड़ा बन रहे पति को मौत के घाट उतार दिया।
इमाम सोमवार को सिलीगुड़ी स्थित अपने ससुराल गया था। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसका शव मंगलवार को बागडोगरा (बंगाल) में मिला। आरोप है कि बीवी और उसके आशिक ने धारदार हथियार से इमाम की हत्या कर दी। फिर शव को दूसरी जगह फेंक दिया। मृतक के भाई के बयान के आधार पर बंगाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया और शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए इमाम की पत्नी, प्रेमी और उसके दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे सबूत मिले, जिनके आधार पर संदेह की सुई टुंपा उर्फ मोमिना और उसके कथित प्रेमी की ओर गई। पुलिस का कहना है कि दोनों ने पहले से हत्या की साजिश रची थी और अन्य सहयोगियों की मदद से इमाम की हत्या कर शव को बागडोगरा में फेंक दिया, ताकि इसे दुर्घटना या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके। पूछताछ में मिले तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलते ही पोठिया क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
इमाम और टुंपा की हुई थी लव मैरिज, 4 बच्चे भी हैं
इमाम ने 15 साल पहले टुंपा से लव मैरिज की थी। टूंपा दूसरे धर्म की थी। शादी के बाद उसने नाम बदल कर मोमिना रख दिया था। उदगारा पंचायत के पूर्व मुखिया जमशेद आलम ने बताया कि पति-पत्नी के चार बच्चे भी हैं। इमाम सोमवार को सिलीगुड़ी गया था, मंगसवार को बागडोगरा के हंसकुआं में उसका शव मिला। शव मिलते ही पुलिस ने मंगलवार को इमाम की बीवी मोमिना को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ में प्रेम प्रसंग में हत्या का खुलासा हुआ। बागडोगरा पुलिस ने मोमिना की निशानदेही पर गुरुवार को अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


