दो प्रेमियों संग मिल पति का कत्ल, बिहार में पत्नी की खौफनाक साजिश यूं हुई बेपर्दा

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, पुूर्णिया
Follow us on Google News
share

पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि पांच मई को गणिता देवी ने थाना में आवेदन देकर अपने पति 40 वर्षीय गजेंद्र मंडल के लापता होने की सूचना दी थी।

दो प्रेमियों संग मिल पति का कत्ल, बिहार में पत्नी की खौफनाक साजिश यूं हुई बेपर्दा

बिहार के पूर्णिया जिले में एक पत्नी ने अपने दो प्रेमियों के संग मिल पति की हत्या कर दी है। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाली शातिर महिला अब कानून के शिकंजे में है। दरअसल पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि पांच मई को गणिता देवी ने थाना में आवेदन देकर अपने पति 40 वर्षीय गजेंद्र मंडल के लापता होने की सूचना दी थी।

इस आधार पर जानकीनगर थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि सात मई को वरुणेश्वर वितरणी नहर के पश्चिमी बांध पर रमजानी-दिबरा बाजार के बीच झाड़ी से गजेंद्र मंडल का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी गणिता देवी का मृतक के दोस्त रंजीत कुमार राय निवासी रहरिया थाना भरगामा जिला अररिया तथा सुमन कुमार निवासी रमजानी थाना जानकीनगर के साथ प्रेम-प्रसंग था।

एसडीपीओ ने बताया कि दो मई की रात मृतक को पत्नी पर शक हुआ जिसके बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी। यह बात दोनों प्रेमियों को नागवार गुजरी। इसके बाद रंजीत राय एवं सुमन कुमार ने गजेंद्र मंडल को खाना-पीना कराने के बहाने नहर के पास ले गए, जहां पत्नी गणिता देवी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए गणिता देवी ने ही पति के लापता होने का आवेदन थाना में दिया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन एवं एक बाइक भी बरामद की है। इस कार्रवाई में जानकीनगर थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान, रूपेश्वरी ओपी प्रभारी कुमारी अनुष्का रानी, पुलिस अवर निरीक्षक अर्चना कुमारी तथा पुलिस अवर निरीक्षक गजेंद्र कुमार शामिल थे।

मर्डर कर बच्चे का शव फेंका

इधर पूर्णिया के ही डगरूआ थाना क्षेत्र की रामपुर पंचायत स्थित चतरा नहर के समीप पांच वर्षीय बच्चे की हत्या कर शव को फेंक दिया गया। बच्चे का शव मंगलवार सुबह लोगों ने देखा। सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक बच्चा चतरा निवासी मो. कैसर का पुत्र मो. साकिब उर्फ आहिल था।

परिजनों का कहना है कि बच्चा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने डगरूआ थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। मृतक के पिता मो. कैसर ने बताया कि शव की पहचान बच्चे के कपड़ों एवं कान के समीप मौजूद मस्से के निशान से की गई। परिजनों ने भी आशंका जताई है कि बच्चे की हत्या कर शव को नहर किनारे फेंका गया है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।