बिहार: झोपड़ी में प्रेमी संग देख लिया तो पत्नी ने पति को मार डाला, घर में रख दी डेड बॉडी
बिहार में एक पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप लगा है। इलाके के लोगों के बीच यह चर्चा है कि पति ने अपनी पत्नी और प्रेमी को एक झोपड़ी में देख लिया था। जिसके बाद दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।

निज संवाददाता, कतरीसराय, नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का आरोप लगा है। इस हत्याकांड के बाद इलाके के लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि पति ने दोनों को एक झोपड़ी में देख लिया था। जिसके बाद इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया ह। नालंदा में कतरीसारय थाना क्षेत्र के तरौनी गांव में मंगलवार की रात प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान तरौनी गांव निवासी फगुनी मांझी के पुत्र पुनेश्वर मांझी के रूप में की गयी है।
उसकी पत्नी कमोधा देवी और कथित प्रेमी बहादुरगंज गांव निवासी टुनटुन चौधरी उर्फ मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है। धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। मृत युवक का एक पैर भी टूटा हुआ है। अंदेशा है कि हत्या करने से पहले उसके साथ मारपीट की गयी। जांच के दौरान मृत युवक के घर से एक कट्टा भी बरामद हुआ है।
हत्या करने के बाद घर में रख दिया शव
जांच के दौरान यह पता चला है कि युवक की हत्या बादी व बहादुरगंज गांव के बीच मुंशी पईन के पुल के पास बनी झोपड़ी में की गयी है। सिर पर चोट का गहरा जख्म है। हत्या करने के बाद शव को तरौनी गांव स्थित उसके घर में रख दिया। पुलिस ने बुधवार की सुबह घर से ही शव बरामद किया। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि प्रेमी-प्रेमिका झोपड़ी में मिलने गये थे। उसी दौरान पति पहुंच गया और उसकी हत्या कर दी गयी।
भाग रहे प्रेमी को किया गिरफ्तार
तरौनी गांव में मंगलवार की रात प्रेमी के साथ मिलकर पति फगुनी मांझी के पुत्र पुनेश्वर मांझी की हत्या के मामले में पत्नी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। कथित प्रेमी भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे बादी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया प्रेम-प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है।

