कैबिनेट विस्तार से पहले सम्राट चौधरी ने पीएम नरेंद्र मोदी को क्यों कहा- थैंक्यू, एक खुशखबरी भी सुनाई
शपथ समारोह से पहले सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विशेष वजह से थैंक्यू कहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए बिहार के लिए आई एक खुशखबरी को भी शेयर किया है।

बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट के विस्तार को लेकर हलचल तेज है। गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नए मंत्री अपने पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। पटना के गांधी मैदान में इस शपथ समारोह को लेकर भव्य तैयारियां की गई है। इस शपथ समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई वीवीआईपी आएंगे। शपथ समारोह से पहले सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विशेष वजह से थैंक्यू कहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए बिहार के लिए आई एक खुशखबरी को भी शेयर किया है।
सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार के लिए खुशखबरी, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद! रक्सौल हवाई अड्डा के नवनिर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया। राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रक्सौल हवाई अड्डे के रनवे, एप्रन, टैक्सीवे सहित एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण हेतु इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर जारी किया गया। ये परियोजना चंपारण क्षेत्र में हवाई यात्रा के आवागमन को सुगम बनाएगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देगी। डबल इंजन सरकार के संकल्प के साथ, बिहार अब विकास की नई ऊँचाइयों को छूने के लिए तैयार है।’
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले यह खबर आई थी कि रक्सौल हवाई अड्डे के विस्तार को लेकर चल रहे प्रोजेक्ट की गति फिलहाल कागजी उलझनों और मुआवजे के विवाद के बीच बेहद धीमी हो गई है। खबर आई थी कि रक्सौल हवाईअड्डा विस्तार के लिए प्रस्तावित 139 एकड़ भूमि के अधिग्रहण में सबसे बड़ी बाधा पनटोका पंचायत का भरतमही गांव बना हुआ है। यहां मुआवजे की दरों में विसंगति को लेकर रैयतों में गहरा आक्रोश है। दरअसल, एक ही पंचायत के भीतर भूमि की कीमतों में जमीन-आसमान का अंतर है।
प्रक्रिया में आ रही इस बाधा को दूर करने के लिए हाल ही में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बीते दिनों प्रखंड मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों और अंचल के अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक की थी। बैठक का उद्देश्य उन रैयतों को मनाना और प्रेरित करना था जो मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रक्सौल एयरपोर्ट का रनवे 2360 मीटर लंबा होगा। सामरिक दृष्टि से अहम माने जा रहे इस एयरपो्र्ट पर राफेल, तेजस, मिराज और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों का भी परिचालन हो सकेगा। इस एयरपोर्ट पर आधुनिक टर्मिनल भवन, विस्तृत पार्किंग बनाने की भी योजना है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


