पटना पुलिस को 5 एकड़ जमीन क्यों चाहिए, SSP कार्तिकेय शर्मा ने कमिश्नर के साथ बैठक में रखी मांग
राज्य में शराब पर रोक के बाद बड़ी संख्या में तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को पकड़ा गया। इन जब्त वाहनों के रखने के लिए कोई निर्धारित स्थान नहीं होने से ऐसे वाहन पाटलिपुत्र, बुद्धा कॉलोनी, गर्दनीबाग, दीघा, गोपालपुर, दानापुर और हवाई अड्डा थाना के बाहर सडक के किनारे रखे गए हैं।
पटना शहर में पुलिस की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है पर अतिक्रमण हटाने को जिम्मेवार थानों के सामने अतिक्रमण से जाम लग रहा है। पाटलिपुत्र, बुद्धा कॉलोनी और गर्दनीबाग सहित कई थानों के बाहर सड़क पर जब्त वाहनों को रखा जा रहा है। जिससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग रही है। पुलिस ने प्रशासन से पांच एकड़ जमीन उपलब्ध कराने को कहा है। ताकि वहां जब्त वाहनों को रखा जा सके।
अपराध में प्रयुक्त वाहनों को पुलिस जब्त करती है। कई थानों के पास जगह की कमी है। लिहाजा जब्त वाहनों को थानों के बाहर सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है। राज्य में शराब पर रोक के बाद बड़ी संख्या में तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को पकड़ा गया। इन जब्त वाहनों के रखने के लिए कोई निर्धारित स्थान नहीं होने से ऐसे वाहन पाटलिपुत्र, बुद्धा कॉलोनी, गर्दनीबाग, दीघा, गोपालपुर, दानापुर और हवाई अड्डा थाना के बाहर सडक के किनारे रखे गए हैं।
दरअसल, कोर्ट में केस का निबटारा नहीं होने पर जब्त वाहनों को सुरक्षित रखने का आदेश है। लिहाजा कई थानों के बाहर जब्त वाहनों के अंबार लग गए हैं। कुछ समय पहले तक गांधी मैदान थाना के बाहर भी सैकड़ों जब्त वाहन सड़क के किनारे रखे हुए थे। कोर्ट के आदेश के बाद ह टाया गया।
SSP कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पटना पुलिस ने जब्त वाहनों के रखने के लिए पांच एकड़ जमीन प्रशासन से मांगी है। इस बारे में कमिश्नर के साथ शनिवार को हुई बैठक में चर्चा भी हुई है। प्रशासन की ओर से जमीन की तलाश की जा रही है।





