RJD को चाहिए 6 वोट, NDA को मात्र 3; राज्यसभा की 5वीं सीट पर किसे जिताएंगे MLA?

Feb 19, 2026 07:50 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Bihar Rajya Saba Elections: बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों पर 16 मार्च के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज है। 4 सीट पर एनडीए की जीत तय है। पांचवीं सीट के लिए तेजस्वी यादव की राजद को 6 वोट की दरकार है, जबकि 3 क्रॉस वोटिंग एनडीए को 5वीं सीट भी जिता देगा।

बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव में 4 सीटों पर एनडीए की जीत तो तय है। उलझन 5वीं सीट को लेकर है, जिसके लिए ना एनडीए के पास पूरे नंबर हैं और ना विपक्षी दलों के महागठबंधन के पास। तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को 5वीं सीट जीतने के लिए कम से कम 6 और विधायक का वोट चाहिए, जबकि विपक्षी दलों के मात्र 3 एमएलए की क्रॉस वोटिंग से एनडीए 5वीं सीट भी जीत लेगी। खाली हो रही सीटों में राजद के 2 सांसद प्रेमचंद गुप्ता और एडी सिंह शामिल हैं। एनडीए के 3 सांसदों में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के हरिवंश नारायण सिंह एवं रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के उपेंद्र कुशवाहा हैं।

बिहार की मौजूदा विधानसभा में लालू यादव और तेजस्वी यादव की 24 विधायकों वाली पार्टी राजद की हैसियत एक भी सांसद को राज्यसभा पहुंचाने की नहीं बची है। कांग्रेस, लेफ्ट और आईपी गुप्ता का वोट जोड़कर भी महागठबंधन 35 पर अटक जाता है। राज्यसभा चुनाव के नियमों के मुताबिक एक सांसद को जिताने के लिए कम से कम 41 विधायकों का वोट चाहिए।

नीतीश को शराब पर ओवैसी का साथ मिला; समीक्षा का दबाव बना रहे हैं मांझी और माधव

तेजस्वी बचे हुए 6 विधायकों के समर्थन के लिए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के 5 और मायावती की बसपा के 1 विधायक की तरफ देख रहे हैं। लेकिन, ओवैसी की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने यह कहकर सनसनी ही फैला दी है कि वो सिर्फ वोट देने के लिए नहीं हैं। ईमान ने कहा है कि 5वीं सीट के लिए उनकी पार्टी का कैंडिडेट लड़े और राजद समेत विपक्षी दल समर्थन दें, ये क्यों नहीं हो सकता है।

राज्यसभा में एनडीए को बंपर लाभ, सबसे ज्यादा बिहार में; जानें सभी 37 सीटों का गणित

एनडीए कैंप में बीजेपी और जेडीयू अपने-अपने दम पर 2-2 सांसद जिता सकती है। जेडीयू अपने हिस्से की 2 सीटों पर कैंडिडेट रिपीट करेगी या नीतीश कुमार नए नेता को दिल्ली भेजेंगे, यह आने वाले समय में साफ होगा। जीत की गारंटी वाली बीजेपी कोटे की 2 सीटों में उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की दिलचस्पी होगी। लेकिन, बीजेपी अपने हिस्से की 2 सीटों में 1 पर पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन को भेज सकती है। बीजेपी के पास विकल्प है कि वो अपने कोटे की दूसरी सीट पर कुशवाहा को फिर संसद भेज दे या चिराग पासवान की मां रीना पासवान को। लेकिन, अगर बीजेपी दूसरी सीट पर किसी भाजपा नेता को भेजती है तो 5वीं सीट पर चिराग का दावा कुशवाहा से ज्यादा मजबूत है, क्योंकि उनके पास खुद के 19 विधायक हैं।

प्रेमचंद गुप्ता या एडी सिंह, तेजस्वी एक राज्यसभा सीट लड़ेंगे या NDA क्लीन स्वीप?

उपेंद्र कुशवाहा का पत्ता कटने से यह भी साफ हो जाएगा कि कुशवाहा को बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए रखने के लिए खुद की सांसदी कुर्बान करनी होगी। दीपक अभी किसी सदन में नहीं हैं और उन्हें विधान परिषद पहुंचना है। कुशवाहा बिठाए गए तो चिराग के पास मौका होगा। लोजपा-आर के 19 वोट हैं। चिराग के लिए बीजेपी, जेडीयू, हम और रालोमो से 38 वोट का जुगाड़ हो सकता है। 3 वोट की कमी रहेगी, जो कांग्रेस, राजद या दूसरे विपक्षी दलों के बीच ऑपरेशन लोटस से पूरी हो सकती है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।