विनय कुमार के बाद बिहार का डीजीपी कौन? चयन की प्रक्रिया शुरू, रेस में इन अफसरों के नाम
विनय कुमार का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने वाला है। इसे देखते हुए बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस सेवा में 30 साल सेवा पूरी कर चुके आईपीएस अधिकारियों की सूची केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है।

विनय कुमार के बाद बिहार में नये पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कौन होगा, इस पर कवायद जारी है। इसके लिए चयन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। वर्तमान डीजीपी विनय कुमार सितम्बर 2025 में ही पुलिस सेवा की अवधि पूरी कर चुके हैं। उनके डीजीपी पद के दो साल का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने वाला है। इसे देखते हुए बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस सेवा में 30 साल सेवा पूरी कर चुके आईपीएस अधिकारियों की सूची केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी है।
इनमें नौ डीजी (पुलिस महानिदेशक) जबकि 1996 बैच के 14 एडीजी (अपर पुलिस महानिदेशक) स्तर के पदाधिकारी शामिल हैं। प्रक्रिया के तहत अब गृह मंत्रालय इस सूची पर यूपीएससी के साथ विचार-विमर्श कर अंतिम तीन नाम का पैनल बना कर बिहार सरकार को भेजेगी, जिसमें एक पर मुख्यमंत्री की अंतिम मुहर लगेगी।
कई बिंदुओं पर रखा जायेगा ध्यान
वरिष्ठ पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यूपीएससी के पैनल चयन में वरिष्ठता सहित कई बिंदुओं पर ध्यान रखा जायेगा। सूची में शामिल अधिकारियों से व्यक्तिगत राय भी पूछी जाएगी। बिहार कैडर में वर्तमान डीजीपी विनय कुमार को छोड़ नौ डीजी रैंक के आईपीएस हैं। इनमें 1991 बैच की डीजी होमगार्ड व अग्निशमन सेवाएं प्रीता वर्मा सबसे वरिष्ठ हैं। 1992 बैच के बी श्रीनिवासन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी में तैनात हैं। वे भी डीजीपी की रेस में शामिल हैं। 1993 बैच में डीजी निगरानी जितेंद्र सिंह गंगवार सबसे वरिष्ठ हैं। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के डीजी जितेंद्र कुमार भी 1993 बैच के हैं।
कुंदन कृष्णन की प्रबल दावेदारी
1994 बैच आईपीएस कुंदन कृष्णन, डॉ परेश सक्सेना और निर्मल कुमार आजाद डीजी, जबकि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात अमित कुमार और एएस निलेकर चंद्रा को बिहार में एडीजी का दर्जा है। इस बैच से कुंदन कृष्णन की प्रबल दावेदारी है। डीजी सिविल डिफेंस डॉ परेश सक्सेना 31 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। निर्मल कुमार आजाद का कार्यकाल दिसंबर 2027 तक है। 30 साल की सेवा पूरी कर चुके 1995 और 1996 बैच के एडीजी स्तर के अधिकारियों का नाम भी सूची में भेजा गया है। इनमें राज्य में तैनात आर मलार विजि, पंकज कुमार दराद, अमित कुमार जैन, सुधांशु कुमार, नैय्यर हसनैन खान, सुनील कुमार, डॉ कमल किशोर सिंह, पारस नाथ जबकि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात सुशील एम खोपड़े, एस रवींद्रण, जगमोहन व अनिल किशोर यादव का नाम शामिल है।


