लालू परिवार पर मंडराता गिद्ध कौन? रोहिणी की ट्वीट पर JDU का तंज, राबड़ी आवास छोड़ने की नसीहत दी
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पूछा है कि बेटी रोहिणी आचार्या ने जिस गिद्ध की चर्चा की है वह कौन है। लालू यादव सरकारी आवास खाली कर दें। गिद्ध के कारण बीमार हो गए और चुनाव हार गए।

विदेश यात्रा से लौटने के बाद तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल की करारी हार की समीक्षा कर रहे हैं। इधर जनता दल यूनाइटेड(जेडीयू) प्रवक्ता ने रोहिणी आचार्या की ट्वीट को हथियार बनाकर लालू यादव पर प्रहार कर दिया है। जदयू प्रवक्ता नीरज ने पूछा है कि किडनी देने वाली बेटी रोहिणी आचार्या ने जिस गिद्ध की चर्चा की है वह कौन है। लालू यादव सरकारी आवास खाली कर दें। गिद्ध के कारण बीमार हो गए और चुनाव हार गए।
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि राजद की समीक्षा बैठक उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है। लेकिन पिता को किडनी देकर जीवन देने वाली घर की बेटी ने गिद्ध के प्रवास की बात कही है। तो जिसके घर पर गिद्ध बैठ जाता है उसका सर्वनाश हो जाता है। लालू जी चुनाव हार गए, काफी बीमार हैं। अब गिद्ध के नाम का खुलासा होना चाहिए कि गिद्ध आखिर कौन है। उन लोगों को दस सर्कुलर रोड स्थित सरकारी मकान अविलंब खाली कर देना चाहिए ताकि लालू यादव स्वस्थ और उनका परिवार सुरक्षित रहे। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो राष्ट्रीय जनता दल को राजनैतिक गिद्ध का आश्रय स्थली माना जाएगा।
दरअसल विदेश से लौटे तेजस्वी यादव पार्टी की रणनीति और हार की समीक्षा में जुट गए गए हैं। शुक्रवार को पटना में अपने आवास पर तेजस्वी यादव ने पार्टी के सांसदों और कोर कमेटी सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें मीसा भारती और संजय यादव मौजूद थे। इसी बीच रोहिणी आचार्या ने एक ट्वीट करके सनसनी फैला दी। उनकी ट्वीट पर बिहार की सियासत सुलग गई।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर लिखा कि समीक्षा का दिखावा करने से ज्यादा जरूरी है कि खुद आत्ममंथन किया जाए, हार की जिम्मेदारी तय की जाए अपने इर्द गिर्द कब्ज़ा जमाए बैठे चिन्हित गिद्धों को ठिकाने लगाने का साहस दिखाया जाए। उसके बाद ही किसी भी प्रकार की समीक्षा की सार्थकता साबित होगी। जनता सब जानती और समझती है। रोहिणी आचार्य ने नाम लिए बगैर भाई तेजस्वी यादव और उनके सलाहकार संजय यादव को टारगेट किया। सत्ताधारी जदयू समेत कई दलों के नेताओं के लिए रोहिणी का ट्वीट कारगर हथियार बन गया है।

लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें



