टेंडर घोटाला: विदेश यात्रा का प्लान किसका था, खर्च कैसे जुटाया; ईडी ने IAS योगेश से 11 घंटे में क्या-क्या पूछा
टेंडर घोटाला: IAS अफसर योगेश पर आरोप है कि जून 2024 में ठेकेदार रिशु श्री ने उनके और परिवार के आठ सदस्यों की ऑस्ट्रिया यात्रा का खर्च उठाया था। 22 से 30 जून के बीच हुई इस यात्रा में परिवार ने वियना, साल्जबर्ग समेत कई शहरों का भ्रमण किया था।

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। बिहार के चर्चित टेंडर घोटाला मामले में ईडी ने 2017 बैच के निलंबित आईएएस अधिकारी योगेश सागर से बुधवार सुबह 10:30 बजे से रात करीब 9:15 बजे तक करीब 11 घंटे पूछताछ की। इस दौरान ईडी की टीम ने ठेकेदार रिशु श्री से करीबी संबंधों और उसके खर्च पर परिवार सहित विदेश यात्रा के आरोपों को लेकर पक्ष जाना। सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने ऑस्ट्रिया यात्रा के भुगतान के स्रोत, ठेकेदार से संबंधों और सरकारी ठेकों से जुड़े संभावित आर्थिक लाभ के बीच कड़ी तलाशने की कोशिश की। कई सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर उसे अलग-अलग तरीके से पूछा गया। टेंडर घोटाले में बिहार सरकार ने 30 मई 2026 को योगेश सागर को निलंबित कर दिया था। 19 जून 2026 को एसवीयू ने उनके पटना स्थित आवास पर छापेमारी की थी।
उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी चल रही है। योगेश पर आरोप है कि जून 2024 में ठेकेदार रिशु श्री ने उनके और परिवार के आठ सदस्यों की ऑस्ट्रिया यात्रा का खर्च उठाया था। 22 से 30 जून के बीच हुई इस यात्रा में परिवार ने वियना, साल्जबर्ग समेत कई शहरों का भ्रमण किया था। ईडी ने आईएएस से इससे जुड़े कई सवाल पूछे। पांच आईएएस अफसरों से पूछताछ हो चुकी है। इनमें अभिलाषा कुमारी शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार और संतोष कुमार मल्ल का नाम भी शामिल है। मामले में आईएएस आनंद किशोर से पूछताछ बाकी है।
ED ने पूछे यह सवाल
1. विदेश यात्रा की योजना किसने बनाई थी? यात्रा का टिकट किसने बुक कराया?
2. होटल और अन्य सुविधाओं का भुगतान किसके खाते से हुआ?क्या यात्रा के खर्च का कोई हिस्सा उन्होंने स्वयं या परिवार के सदस्यों ने चुकाया था?
3. कार्यकाल में किन-किन कंपनियों को ठेके दिए? निविदा की शर्तें तय करने, वित्तीय स्वीकृति देने में उनकी क्या भूमिका थी?
4. क्या रिशु श्री ने कभी किसी परियोजना या भुगतान को लेकर उनसे सीधे संपर्क किया था?
5. क्या किसी सरकारी निर्णय के बदले व्यक्तिगत लाभ पहुंचाया गया था?

