दिल्ली में MCD हारे, MLA चुनाव लड़ने बिहार आ गए; कांग्रेस के नौशाद कौन, जिनके मंच से मोदी को गाली?

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दरभंगा में जिस कांग्रेसी नेता के मंच से मां की गाली दी गई है, वो मोहम्मद नौशाद दिल्ली में नगर निगम का चुनाव हार गए थे। बिहार के विधानसभा चुनाव में नौशाद जाले सीट से महागठबंधन के टिकट की रेस में हैं।

Mohammad Naushad Congress Jale Darbhanga Delhi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार में दरभंगा के सिंहवाड़ा इलाके में कांग्रेस के जिस नेता मोहम्मद नौशाद के मंच से उनके किसी समर्थक ने मां की गाली दी है, उन्होंने दिल्ली में रहकर ही कांग्रेस और राजनीति में कदम रख दिया था। एक बार दिल्ली नगर निगम के वार्ड पार्षद का चुनाव हार चुके नौशाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रहे हैं और इस समय AICC मेंबर हैं। दरभंगा में जाले विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए वो अब बिहार में सक्रिय हैं। मोदी को अपशब्द कहने का वीडियो वायरल होने के बाद नौशाद ने वीडियो बयान करके अपने मंच से पीएम का नाम लेकर हुई बदतमीजी के लिए माफी मांगी है। (वीडियो सबसे नीचे है)

नौशाद ने अपनी सफाई में कहा है कि वह प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं और 20 साल के अपने राजनीतिक करियर में कभी इस तरह के विवाद में नहीं रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए जो घटिया बात कही गई है, वो उनके वहां से निकलने के बाद हुई है। उन्होंने कहा कि वह अपने समर्थकों के साथ राहुल गांधी के पीछे मुजफ्फरपुर रवाना हो गए थे। नौशाद ने अपने माफीनामे में हालांकि इसके पीछे टिकट की रेस में लगे नेताओं की साजिश का भी इशारा किया है।

राहुल-तेजस्वी के स्वागत में बने मंच से नरेंद्र मोदी को मां की गाली दी गई, पीएम को अपशब्द का वीडियो वायरल

मोहम्मद नौशाद जाले थाना क्षेत्र के देउरा बंधौली गांव के रहने वाले हैं। लगभग 20 वर्षों से पार्टी में सक्रिय नौशाद ने एक बार कांग्रेस के टिकट पर दिल्ली नगर निगम के वार्ड पार्षद का चुनाव भी लड़ा है, लेकिन हार गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि चुनावों के समय नौशाद जाले में सक्रिय हो जाते हैं। दिल्ली में कामयाबी नहीं मिलने के कारण जाले से विधानसभा चुनाव लड़ने की मंशा से ही वे दिल्ली से गांव लौटे हैं।

राहुल गांधी की यात्रा में पीएम मोदी को गाली से भड़की बीजेपी, RJD-कांग्रेस की क्लास लगा दी

ग्रामीणों के मुताबिक नौशाद का परिवार दिल्ली में ही रहता है। दिल्ली में उनका बैग बनाने का कारखाना है और इसका व्यापार ही उनकी कमाई का जरिया है। नौशाद के परिवार में इससे पहले राजनीति में कोई नहीं रहा है। जाले या दरभंगा से उन्होंने अब तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है। नौशाद के फेसबुक पर सदर बाजार इलाके में उनकी सक्रियता के कई फोटो हैं। फेसबुक पर उन्होंने सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अजय माकन, देवेंद्र यादव, अखिलेश प्रसाद सिंह, कृष्णा अल्लावरु समेत कई कांग्रेसी नेताओं के साथ अलग-अलग कार्यक्रमों या निजी मेल-मुलाकात की फोटो लगा रखी है।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।