राबड़ी देवी का अगला ठिकाना कहां? सामानों की शिफ्टिंग तेज; बंगला खाली करने की आज खत्म हो रही मोहलत
Rabri Devi Bungalow Row : भवन निर्माण विभाग के 29 जून के अल्टीमेटम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड स्थित अपना सरकारी आवास किसी भी समय खाली कर सकती हैं। सामानों की शिफ्टिंग जारी है।

Rabri Devi Bungalow Row : बिहार के सियासी गलियारे में आज सुबह से ही जबरदस्त हलचल मची हुई है और सबकी निगाहें पूरी तरह से लालू परिवार पर टिकी हैं। हर किसी के मन में इस समय एक ही बड़ा सवाल तैर रहा है कि क्या आज विधान परिषद् में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपना बंगला खाली कर देंगी? दरअसल, बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग की ओर से राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड स्थित इस वीवीआईपी सरकारी बंगले को खाली करने के लिए आज यानी 29 जून तक का ही अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था। विभाग ने आखिरी बार 22 जून को कड़ा नोटिस थमाया था। हालांकि, आज सुबह तक लालू परिवार या राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से अधिकारिक रूप से बंगला खाली करने को लेकर कोई सीधा संकेत या टिप्पणी सामने नहीं आई है, लेकिन अंदरूनी तैयारियों को देखते हुए कयास हैं कि वह इस आवास को किसी भी समय खाली कर सकती हैं।
ट्रकों और पिकअप वैन से भेजा जा रहा है सामान
पिछले दो दिनों से 10, सर्कुलर रोड बंगले के बाहर सामानों की पैकिंग और शिफ्टिंग का काम बेहद तेज गति से चल रहा है। कई पिकअप वैन और ट्रकों में भरकर घरेलू सामानों को कौटिल्य नगर स्थित लालू परिवार के नवनिर्मित भवन और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर भेजा जा रहा है। बंगले की सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे भी हटा लिए गए हैं, जिससे साफ है कि परिवार ने बंगला छोड़ने का मन बना लिया है। इस बीच, राबड़ी देवी ने भविष्य के किसी भी राजनीतिक विवाद से बचने के लिए भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर उन सरकारी सामानों की सूची मांगी है, जो विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। राजद नेताओं का कहना है कि जब तेजस्वी यादव ने 5, देशरत्न मार्ग का आवास खाली किया था, तब विरोधियों ने उन पर सरकारी सामानों की चोरी का झूठा आरोप लगा दिया था। वैसा वाकया दोबारा न हो, इसलिए इस बार पूरी एहतियात बरती जा रही है, हालांकि 20 साल पुराने सामानों की लिस्ट खोजने में विभाग के पसीने छूट रहे हैं।
39 हार्डिंग रोड जाने को तैयार नहीं लालू परिवार
भवन निर्माण विभाग के अनुसार, राबड़ी देवी को 25 नवंबर 2025 को ही बतौर नेता प्रतिपक्ष नया आवास 39, हार्डिंग रोड आवंटित कर दिया गया था और पुराना 10, सर्कुलर रोड बंगला अब मंत्री नंद किशोर राम के नाम अलॉट हो चुका है। विभाग द्वारा चार बार नोटिस दिए जाने के बाद अब लालू परिवार कौटिल्य नगर वाले मकान का काम अंतिम चरण में होने के कारण वहीं शिफ्ट होने की योजना बना रहा है, क्योंकि उनका हार्डिंग रोड जाने का कोई इरादा नहीं दिख रहा है। बता दें कि इस पूरे वीवीआईपी बंगला विवाद पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू परिवार पर सीधा और तीखा हमला बोला था। सीएम सम्राट चौधरी ने बिना किसी का नाम लिए तंज कसते हुए कहा था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारी संपत्ति किसी की निजी विरासत या बपौती नहीं हो सकती। उन्होंने कहा था कि कुछ लोगों को मां के लिए एक घर और बेटे के लिए दूसरा घर चाहिए, लेकिन बिहार में राजशाही नहीं बल्कि लोकतंत्र चलता है।


