मल्लिका शेरावत के साथ क्या कर रहे तेज प्रताप यादव, लालू के लाल ने वीडियो से मचाई सनसनी!
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने एक वीडियो शेयर कर इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है। इसमें तेज प्रताप यादव बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत के साथ नजर आ रहे हैं।

जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इंटरनेट पर एक और सनसनी मचा दी है। तेज प्रताप ने बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत के साथ वीडियो शेयर किया है। इसमें वह मल्लिका के साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में एक गाना चल रहा है। तेज प्रताप ने लिखा है कि जल्द ही कुछ रोमांचक होने वाला है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप इन दिनों भोजपुरी बवाल शो से भी दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल से लगभग डेढ़ मिनट का वीडियो शेयर किया। इसमें वह बोल्ड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत के साथ सोफे पर बैठे नजर आ रहे हैं। वह मल्लिका को अपने फोन में कुछ दिखाते हुए उनसे बात कर रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो कहां का और कब का है इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। तेज प्रताप ने सिर्फ इतना बताया कि जल्द ही कुछ रोमांचक आने वाला है। हालांकि, मल्लिका की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
तेज प्रताप और मल्लिका के वीडियो से इंटरनेट पर सनसनी!
तेज प्रताप का मल्लिका शेरावत के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया है। इसने जेजेडी अध्यक्ष के समर्थकों में भी सनसनी मचा दी है। लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक एक्स यूजर ने लिखा कि क्या मर्डर मूवी का अगला सीक्वल आने वाला है? एक अन्य यूजर ने पूछा कि क्या तेज प्रताप अब बॉलीवुड में इमरान हाशमी को रिप्लेस करने वाले हैं?
भोजपुरी बवाल में धूम मचा रहे तेज प्रताप यादव
जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप इन दिनों जियो हॉटस्टार पर प्रसारित शो भोजपुरी बवाल में धूम मचाते नजर आ रहे हैं। इस शो में वह भोजपुरी स्टार पवन सिंह, निरहुआ, आम्रपाली दुबे जैसे सितारों के साथ दिख रहे हैं। इस शो में इन चर्चित चेहरों की निजी जिंदगी को और करीब से दिखाने की कोशिश की जा रही है।
साथ ही दर्शकों को भी भरपूर मनोरंजन मिल रहा है। तेज प्रताप भोजपुरी बवाल में कभी बांसुरी बजाते, तो कभी योगा करते दिख रहे हैं। वह भोजपुरी कलाकारों के साथ कभी मस्ती करते हैं, तो कभी अपने परिवार में मचे घमासान पर दुखी भी होते हैं।
पार्टी और परिवार से निकाले गए थे तेज प्रताप
अनुष्का यादव नाम की एक युवती के साथ पिछले साल तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तेज प्रताप यादव की उनसे रिलेशन की चर्चा होने लगी। इसके बाद लालू यादव ने उन्हें आरजेडी और परिवार से बेदखल कर दिया था। फिर तेज ने जेजेडी नाम से नई पार्टी बनाई और बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा, हालांकि उसमें वह एक भी सीट नहीं जीता पाए। बाद में तेज प्रताप ने अनुष्का यादव के साथ रिलेशन की बात से इनकार कर दिया था।
हाल ही में पटना की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव में भी तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी को जेजेडी का कैंडिडेट बनाया था। मगर उनका नामांकन रद्द होने से पार्टी मुकाबले से बाहर हो गई। बाद में तेज प्रताप ने जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर को अपना समर्थन दे दिया था, जो उपचुनाव में भाजपा को हराकर विधायक बन गए।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


