मौत से 15 दिन पहले पटना के हॉस्टल में नीट छात्रा के साथ क्या हुआ था? CBI ने परिजन से पूछे सवाल

Feb 15, 2026 08:32 pm ISTJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, पटना/जहानाबाद
share

पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले की जांच कर रही सीबीआई रविवार को जहानाबाद जिले में मृतका के गांव पहुंची। सीबीआई ने परिजन से छात्रा के बारे में कई सवाल पूछे। 

मौत से 15 दिन पहले पटना के हॉस्टल में नीट छात्रा के साथ क्या हुआ था? CBI ने परिजन से पूछे सवाल

पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र स्थित मृतक छात्रा के गांव पहुंची। टीम ने मृतक छात्रा के माता, पिता और भाई से अलग-अलग कमरे में पूछताछ की। करीब साढ़े तीन घंटे तक उनसे हर एंगल से पूछताछ की गई। सीबीआई की टीम दोपहर में करीब सवा 12 बजे छात्र के घर से निकली।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पूछताछ के बाद मृतक छात्रा की कलम, कॉपी, किताब, बैग, कैंची एवं कपड़े सहित सभी सामान टीम अपने साथ लेकर गई। सीबीआई अधिकारी प्रिंटर और लैपटॉप भी साथ लेकर पहुंचे थे। अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब टाइप कर मौके पर ही प्रिंट निकाला गया, जिस पर परिजन के हस्ताक्षर करवाकर उसे सील किया गया। सीबीआई के आईजी राजीव आर के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम पांच गाड़ियों से पहुंची थी। साथ में शकूराबाद थाने की पुलिस भी थी।

मां बोलीं- कहीं ये जांच भी अधूरी ना रह जाए

नीट छात्रा की मां ने रोते हुए कहा कि इससे पहले भी स्थानीय पुलिस पूछताछ के लिए आई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं यह जांच भी अधूरी ना रह जाए। इस पर सीबीआई अधिकारियों ने परिजन को आश्वस्त किया कि मामला हाल ही में उनके संज्ञान में आया है जल्द ही इसकी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

सीबीआई को केस लेने से एक दिन पहले रात में एसआईटी की टीम भी छात्रा के बैग लेने पहुंची थी। लेकिन छात्रा के पिता के घर में उपस्थित नहीं रहने के कारण परिजनों ने बैग नहीं दिया था। छात्रा के भाई का मोबाइल भी सीबीआई के अधिकारी मांग रहे थे, लेकिन परिजन ने बताया कि दुकान में रिपेरिंग के लिए दिया हुआ है। परिजनों ने उन्हें कल तक मोबाइल सुपुर्द करने की बात कही।

मौत से 15 दिन पहले हॉस्टल में क्या हुआ था?

सूत्रों का कहना है कि सीबीआई ने परिजन से छात्रा के हॉस्टल में रहने का पूरा ब्योरा लिया। यानी छात्रा कब से पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी। छात्रा की मौत से लगभग 15 दिन पहले यानी 27 दिसंबर 2025 को पटना से जहानाबाद जब उसे लाया गया था तब क्या हॉस्टल में उसके साथ कोई घटना तो नहीं हुई थी। परिजन ने सीबीआई को बताया कि उस दिन उसके साथ कोई घटना नहीं हुई थी। लेकिन घर से पटना जाने के बाद अचानक उसकी मौत की खबर मिली।

परिजन का यह भी आरोप है कि 6 जनवरी को जब छात्रा की तबीयत खराब हुई थी, तो हॉस्टल प्रबंधन को सबसे पहले उन्हें सूचना देनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। पिता को हॉस्टल में रहने वाली एक लड़की ने फोन कर बताया था। उस समय ही परिजन को शक हुआ कि बेटी के साथ कुछ अनहोनी हुई है।

बता दें कि 6 जनवरी को पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा बेहोशी की हालत में मिली थी। उसे अलग- अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। हालांकि, बाद में 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद इसकी जांच एसआईटी को सौंपी की थी। एसआईटी ने जांच के लिए 10 बार जहानाबाद पहुंची थी, लेकिन एसआईटी जांच से परिजन संतुष्ट नहीं थे। लगातार सवाल खड़े किए जा रहे थे। परिजन ने रेप और मर्डर के आरोप लगाए थे।

हॉस्टल से जब्त सामग्री की जांच शुरू

शनिवार को पटना स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल से जब्त की गई सामग्री की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच सीबीआई की टीम ने शुरू कर दी है। छात्रा का पटना के जिन दो निजी अस्पतालों में उपचार किया गया था, उसके डॉक्टर और कर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी। दोनों अस्पतालों में लगे सीसीटीवी का फुटेज भी सीबीआई देखेगी। इसके अलावा मृतका के करीबी रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर घटना के बाबत जानकारी जुटाई जाएगी।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें