Bihar Weather: दक्षिण बिहार में उमस वाली गर्मी सताएगी, मुजफ्फरपुर-भागलपुर और कटिहार में भारी बारिश; मौसम का हाल

हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Weather: बिहार के अलग-अलग जिलों में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। कही सुबह से ही तीखी धूप लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास करा रही है तो कहीं बारिश और तेज हवाओं से लोगों को काफी राहत मिल रही है। दक्षिण बिहार में उमस वाली गर्मी का कहर है। 

Bihar Weather

Bihar Weather: बिहार में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं झमाझम बारिश हो रही है तो कहीं उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इस बीच सोमवार और मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में आंधी-पानी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार सोमवार को पटना सहित दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। भभुआ, बक्सर और रोहतास जिले में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं भागलपुर, कटिहार और किशनगंज में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा होने की आशंका है। सोमवार और मंगलवार को राज्य के कई स्थानों पर आंधी-पानी की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई जगहों पर 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

रविवार को पटना सहित आसपास के इलाकों में मौसम गर्म और शुष्क बना रहा। पटना, मोतिहारी, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जबकि गया के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। 40.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। रविवार को समस्तीपुर में हवा की अधिकतम रफ्तार 48 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। वहीं पश्चिम चंपारण के त्रिवेणी में सर्वाधिक 54.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

16 जिलों में दर्ज हुई बारिश

लखीसराय के बड़हिया में 51.8 मिमी, समस्तीपुर में 42.4 मिमी, समस्तीपुर के पटोरी में 35.4 मिमी, बेगूसराय के बखरी में 34.2 मिमी, मधुबनी के झंझारपुर में 30.8 मिमी, मधेपुरा के पुरैनी में 29.8 मिमी, मुजफ्फरपुर के कांटी में 28.6 मिमी, पूर्वी चंपारण के कोतवा में 28.4 मिमी, मधुबनी के राजनगर में 26.1 मिमी, सहरसा के सोनबरसा में 24.8 मिमी, बेगूसराय के चेरिया में 22.8 मिमी, मधेपुरा के चौसा में 21.4 मिमी, मधुबनी के लखनपुर में 20.4 मिमी, समस्तीपुर के सिंहिया में 20.4 मिमी, समस्तीपुर के रोसड़ा में 20.0 मिमी, बांका के घुरिया में 18.6 मिमी बारिश हुई।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर - अधिकतम - न्यूनतम

पटना - 39.6 - 28.2

गया - 33.0 - 29.7

भागलपुर - 35.6 - 27.4

मुजफ्फरपुर - 35.0 - 28.5

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

मुजफ्फरपुर में होगी बारिश

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मानसून की गति में तेजी आई है। इसके असर से मुजफ्फरपुर सहित पूरे उत्तर बिहार के जिलों में अब कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 30 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड हो सकता है। उसके बाद करीब एक सप्ताह तक तापमान में कमी रहने से राहत मिलेगी। उसके बाद एक बार फिर से उमस की अधिकता वाली गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। इससे लोगों को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गयाजी में हल्की बारिश के आसार

मौसम का मिजाज रविवार को बदला रहा। दिनभर बादल छाए रहे। शेरघाटी सहित कुछ अन्य स्थानों पर हल्की बारिश हुई। गया जी शहर में बादल ही छाए रहे। बादल के कारण तीखी धूप और गर्म हवा से भारी राहत मिली। लेकिन, उमस वाली गर्मी बनी रही। मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के कारण मौसम का मिजाज बदला है। हालांकि अभी भी भारी व झमाझम बारिश का अनुमान नहीं है। अगले दो-तीन दिनों में बादल छाने और हल्की वर्षा होने के आसार हैं। कहीं-कहीं गरज व तेज हवा के साथ भी बारिश हो सकती है। मालूम हो कि 15 जून से लेकर भीषण गर्मी सता रही है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास ही रह रहा है। कभी उमस तो कभी गर्म पछुआ चल रही है। पिछले साल से इस जून मौसम का मिजाज अधिक तल्ख रह रहा है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsदक्षिण बिहार में उमस वाली गर्मी सताएगी, मुजफ्फरपुर-भागलपुर और कटिहार में बारिश