16 जिलों में मौसम का कहर, 9 की मौत पर सीएम सम्राट ने जताया शोक; बिजली, सड़क पर संकट

हिन्दुस्तान, पटना, मुख्य संवाददाता
Follow us on Google News
share

तेज आंधी में सैकड़ों पेड़ धराशाई होकर बिजली के तार और ट्रांसफार्मर पर गिर गए। जिसके कारण 40 से 42 के करीब पोल टूटकर गिर गए। 15 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे कई इलाकों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई।

16 जिलों में मौसम का कहर, 9 की मौत पर सीएम सम्राट ने जताया शोक; बिजली, सड़क पर संकट

Weather Havoc: पटना सहित बिहार के 16 जिलों में शुक्रवार की शाम चार बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पटना एयरपोर्ट के पास दो मिनट तक 135 किमी की रफ्तार से झोंके के साथ चले बवंडर ने आसपास के इलाके में भारी तबाही मचाई। हालांकि, बाकी इलाके में इसकी रफ्तार 60-70 किमी प्रतिघंटा की रही। राज्य भर में इस आपदा से 9 लोगों की मौत हो गई। सीएम सम्राट चौधरी ने मौत पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख मुआवजे का ऐलान किया है।

पटना के अलग-अलग इलाकों में आंधी-पानी से पेड़ गिरने और वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई। राजधानी में जहां गाड़ियों और दुकानों पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हुई, वहीं वज्रपात ने दो की जान ले ली। दूसरी ओर, प्रदेश में आंधी-बारिश और ठनका से 9 लोगों की मौत हुई है। इनमें वैशाली में दो और आरा, समस्तीपुर व पूर्वी चंपारण में एक-एक शामिल है।

शहर के सैकड़ों पेड़ धराशाई होकर बिजली के तार और ट्रांसफार्मर पर गिर गए। जिसके कारण 40 से 42 के करीब पोल टूटकर गिर गए। 15 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे कई इलाकों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई।

मौसम की इस मिजाज के कारण राजधानी के कई इलाकों में भीषण जाम लगा और नेहरू पथ पर पांच घंटे जाम से लोग कराहते रहे। राजधानी में दो जगह बड़े हादसे हुए। नेहरू पथ पर गोल्फ क्लब के पास एक सफेदा का पेड़ गिर गया। इससे वहां डाभ बेचनेवाले समनपुरा निवासी इरफान आलम (20) की मौत हो गई जबकि दो जख्मी हो गए। पेड़ की चपेट में वहां से गुजर रहे एक आटो और कार भी आ गए। इसमें ऑटो चालक मामूली रूप से जख्मी हो गया। दूसरी घटना गर्दनीबाग मुसहरटोली के पास हुई। वहां चाऊमिंग-चाट दुकानदार अभय उर्फ भटकू (24) समेत चार लोग खड़े थे, तभी पेड़ गिर गया। दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग जख्मी हैं।

सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में आंधी-तूफान और वज्रपात से लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने मृतक के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें।

दिन में रात जैसा नजारा

पटना में मेघ गर्जन और झमाझम वर्षा से शाम चार बजे के आसपास रात जैसा नजारा देखने को मिला। लगभग आधे घंटे की आंधी-पानी के बाद सड़कों पर तबाही का मंजर पसर गया। मौसम विभाग से मिली सूचना के अनुसार रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, वैशाली समेत 16 से 17 जिलों में आंधी-बारिश ने जनजीवन पर असर डाला है। कई जिलों में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

आज भी अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य भर में आंधी पानी और वज्रपात का औरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम का मिजाज देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का क्षेत्र, हवाओं का चक्रवातीय परिसंचरण के साथ एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम अगले तीन से चार दिनों ऐसा ही रहने के आसार हैं।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।