होली पर वाटर पार्क बना जंग का मैदान, कई राउंड गोलियां चलीं; भोजपुरी सिंगर समेत 12 हिरासत में

Mar 01, 2026 09:46 pm ISTJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, बिहारशरीफ
share Share
Follow Us on

बिहारशरीफ (नालंदा) के एक वाटर पार्क में होली का आयोजन रण क्षेत्र में बदल गया। रविवार को होली पर आयोजित भोजपुरी सिंगर के कार्यक्रम में जमकर पथराव हुआ और कई राउंड गोलियां चलीं।  

होली पर वाटर पार्क बना जंग का मैदान, कई राउंड गोलियां चलीं; भोजपुरी सिंगर समेत 12 हिरासत में

Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले में होली मिलन समारोह के दौरान एक वाटर पार्क जंग के मैदान में तब्दील हो गया। टिकट को लेकर हुए विवाद में उग्र भीड़ और आयोजकों के बाउंसरों के बीच दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। एक किशोर को गोली लग गई। वहीं उपद्रवियों के हमले में एक पत्रकार और एक ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भोजपुरी सिंगर रौशन रोही समेत 12 लोगों को हिरासत में ले लिया। यह घटना बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा स्थित एक निजी वाटर पार्क में हुई।

जानकारी के अनुसार वाटर पार्क में होली मिलन समारोह पर भोजपुरी गायक रौशन रोही का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रवेश के लिए 299 रुपये का टिकट रखा गया था। जब स्थानीय ग्रामीणों को मुफ्त प्रवेश नहीं मिला तो आयोजकों से उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। बात बढ़ने पर सैकड़ों ग्रामीणों ने वाटर पार्क पर पथराव शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख निजी सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की बात सामने आ रही है।

दोनों ओर से करीब दर्जनों राउंड गोलियां चलीं। उग्र भीड़ ने सिंगर के काफिले की तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी नुरुल हक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से चार अत्याधुनिक हथियार और 30 खोखे बरामद किए गए हैं।

वाटर पार्क में रविवार को हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी में काशोचक निवासी शिवकुमार यादव का पुत्र सूबे लाल कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। वहीं, घटना का कवरेज कर रहे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार ऋषिकेश कुमार की उपद्रवियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। पथराव में आरा-छपरा के रहने वाले वाहन चालक अमन कुमार भी गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं।

समारोह के लिए प्रशासन से नहीं ली गई अनुमति

सदर डीएसपी ने बताया कि इस आयोजन के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने गायक रौशन रोही समेत एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

भोजपुरी सिंगर का विवादों से पुराना है नाता

गौरतलब है कि गायक रौशन रोही के कार्यक्रमों में हंगामे का यह पहला मामला नहीं है। पूर्व में विधानसभा चुनाव के दौरान भी एक निर्दलीय प्रत्याशी की सभा में इनके कार्यक्रम के दौरान बवाल हुआ था, जहां पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। फिलहाल घटनास्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें