
मर्डर और शराब तस्करी में थी वांछित, लेडी डॉन सुमन देवी पटना से पकड़ाई
पति के जेल जाने के बाद उसने शराब तस्करी को धंधे को संभाल रखा था। डीएसपी ने कहा कि जयकांत राय और उसकी पत्नी की अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है।
पटना सिटी की फरार लेडी डॉन सुमन देवी को चौक पुलिस ने सोमवार को धवलपुरा से गिरफ्तार किया। कुख्यात अपराधी जयकांत राय की पत्नी सुमन देवी काफी दिनों से फरार चल रही थी। सुमन देवी पर हत्या और शराब तस्करी के 11 मामले दर्ज हैं। वहीं पुलिस ने अवैध तरीके से बनाई गई संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पटना डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि चौक पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लेडी डॉन सुमन देवी धवलपुरा टीओपी के पास है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने दलबल के साथ उक्त स्थल पर पहुंचकर सुमन देवी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि चौक थाना क्षेत्र की बागलोदन गली की रहने वाली सुमन देवी के खिलाफ खाजेकलां थाने में हत्या का एक और चौक थाने में शराब तस्कारी के 11 मामले दर्ज हैं। सुमन देवी दियारा क्षेत्र से नाविक को प्रतिदिन 1500 रुपये देकर शराब मंगाती थी और सिटी क्षेत्र में नाबालिगों से सप्लाई कराती थी।
पति के जेल जाने के बाद शराब का धंधा संभाली थी
पति के जेल जाने के बाद उसने शराब तस्करी को धंधे को संभाल रखा था। डीएसपी ने कहा कि जयकांत राय और उसकी पत्नी की अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति को जब्त करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। महिला से पूछताछ के दौरान इस धंधे से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आये हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।





