
बिहार में वांछित आरोपी की हाजत में बिगड़ी तबीयत, मौत के बाद बोले परिजन- पुलिस ने पीटा
एसडीओ पकड़ीदयाल कीर्तिका मिश्रा भी थाने पहुंच कर स्थिति का जायजा लेते हुए परिजनों को समझा कर शांत कराया। पूरे घटना की सीसी टीवी फुटेज के आधार पर मजिस्ट्रेट से जांच करायी जाएगी ।
बिहार में एक वांछित अभियुक्त को पुलिस ने हाजत में बंद कर दिया। लेकिन बाद में अभियुक्त की मौत हो गई। अब परिजन पुलिस पर आरोपी के साथ मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। मोतिहारी जिले में फेनहारा थाना क्षेत्र के गोबिंदबारा गांव निवासी एनबीडब्ल्य़ू के वांछित अभियुक्त की हाजत में तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के क्रम में मौत हो गयी। मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश पासवान (50) पिता बैद्यनाथ पासवान को पुलिस ने बीती देर रात्रि घर से गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे हाजत में बंद कर दिया। जिसके बाद सुरेश पासवान की अचानक तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद पुलिस फेनहारा बाजार के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए ले गई। जहां डॉक्टर ने गंभीर हालत देखकर रेफर कर दिया। मरीज की गंभीर हालत देख उसे एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फेनहारा थाना के पास हंगामा किया।
परिजनों ने पुलिस पर मार पीट करने का आरोप लगाया। वहीं पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन फेनहारा थाना पहुंच कर परिजनों को समझा बुझा कर उग्र भीड़ को शांत कराया। एसडीओ पकड़ीदयाल कीर्तिका मिश्रा भी थाने पहुंच कर स्थिति का जायजा लेते हुए परिजनों को समझा कर शांत कराया। पूरे घटना की सीसी टीवी फुटेज के आधार पर मजिस्ट्रेट से जांच करायी जाएगी ।
दोनो पदाधिकारी ने हिरासत में लिए गए मृतक के भतीजा वकील पासवान से पूरी घटना क्रम की तहकीकात की। एसडीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टिया गिरफ्तार अभियुक्त के अस्वस्थ होने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक के पोस्टमार्टम के रिपोर्ट के आधार पर सघन अनुसंधान किया जाएगा।एसडीओ व डीएसपी के साथ पकड़ी दयाल के सभी थाना अध्यक्ष व बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ फेनहरा थाना में कैंप किए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस व परिजन मृतक के शव के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।इधर मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक को दो पुत्र व एक लड़की है।



