Patna Rain: पटना में आंधी-बारिश से गिरी पांच मंजिला भवन की दीवार, 2 की मौत; खूब तबाही

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, पटना
share

Patna Rain: बिहटा-कुल्हड़िया के बीच ओवरहेड बिजली तार पर पेड़ गिरने से पटना-आरा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया। इसके कारण तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। करीब पौने नौ बजे के बाद ही रेल परिचालन सामान्य हो सका।

Patna Rain: पटना में आंधी-बारिश से गिरी पांच मंजिला भवन की दीवार, 2 की मौत; खूब तबाही

राजधानी पटना में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं से पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था चरमरा गई। वहीं दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र में आंधी के कारण एक निर्माणाधीन पांच मंजिला भवन की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बुधवार की शाम अचानक आई तेज आंधी और बारिश से सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बिहटा-कुल्हड़िया के बीच ओवरहेड बिजली तार पर पेड़ गिरने से पटना-आरा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया। इसके कारण तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। करीब पौने नौ बजे के बाद ही रेल परिचालन सामान्य हो सका।

इसी दौरान दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी रुकनपुरा स्थित देवी मंदिर के पास तेज आंधी के कारण एक निर्माणाधीन पांच मंजिला भवन की दीवार गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तिलक नगर स्थित राजनाथ रेजिडेंसी के फ्लैट संख्या-102 निवासी त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा (72) और नौबतपुर की रहने वाली अनिता देवी (45) के रूप में हुई है। त्रिभुवन प्रसाद सिन्हा पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त थे।

बताया जाता है कि मंदिर से निकलकर जा रहे दोनों लोग अचानक गिरी दीवार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है। रूपसपुर थानाध्यक्ष शशिभूषण कुमार सिंह ने बताया कि तेज आंधी के कारण निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परेशानी: बारिश से कई सड़कों पर जाम

तेज हवा और बारिश के कारण बुधवार शाम नेहरू पथ समेत कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। नेहरू पथ स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज हवाओं के चलते ट्रैफिक पुलिस की ट्रॉली हवा में उड़ गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रॉली को हटाकर आवागमन सामान्य कराया।

शाम करीब साढ़े छह बजे तेज हवा के कारण कई स्थानों पर ट्रॉलियां सड़क पर इधर-उधर गिर गईं। हनुमान मंदिर के पास मेट्रो निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रॉलियां लगाई गई थीं, जो हवा के कारण बिखर गईं। इसके चलते लोहिया पथ चक्र फेज-1 से हनुमान मंदिर तक जाम लग गया।इसी तरह बोरिंग कैनाल रोड, गांधी मैदान और राजाबाजार समेत अन्य इलाकों में भी कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि देर शाम तक सभी स्थानों पर यातायात सामान्य हो गया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।