
बिहार चुनाव: वोटिंग से कितने दिन पहले मिलेगी मतदाता पर्ची, निर्वाचन आयोग ने बताया
संक्षेप: जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान तिथि से कम-से-कम पांच दिन पहले सभी मतदाताओं तक मतदाता पर्ची पहुंचा दी जाये। साथ ही, वैसे अनुपलब्ध मतदाता जिन तक मतदाता पर्ची नहीं पहुंच पाई हो, उनकी सूची भी तैयार की जाये।
मतदाताओं को मतदान के कम से कम पांच दिन पहले मतदाता पर्ची मिलेगी। साथ ही शत प्रतिशत बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई जायेगी। मंगलवार को बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रथम चरण से संबंधित जिलों की निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा के दौरान निर्देश दिया।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने सभी डीएम को वेबकास्टिंग के बेहतर समन्वय के लिए वन प्वाइंट कम्यूनिकेशन प्लान बनाने का निर्देश दिया।

इस प्लान में बूथों के बीएलओ, संबंधित स्कूल के शिक्षक व सेक्टर पदाधिकारी के नंबर होंगे। मतदान के बाद राजनीतिक दलों के एजेंटों को फॉर्म 17सी उपलब्ध कराने के लिए इसकी पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिये गये। जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान तिथि से कम-से-कम पांच दिन पहले सभी मतदाताओं तक मतदाता पर्ची पहुंचा दी जाये। साथ ही, वैसे अनुपलब्ध मतदाता जिन तक मतदाता पर्ची नहीं पहुंच पाई हो, उनकी सूची भी तैयार की जाये। फॉर्म 12डी (होम वोटिंग) तथा पोस्टल बैलेट से संबंधित अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी पोलिग स्टेशनों पर साइनेज कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाये। युक्तिकरण के बाद नये या स्थानांतरित मतदान केंद्रों के बारे में स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए। श्री गुंजियाल ने कहा कि सभी सहायक निर्वाचन व्यय प्रेक्षकों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करा लिया जाना है। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं वा अफवाह फैलाने वाले इन्फ्लुएंसरों अथया अन्य तत्वों को चिन्हित कर उन पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्वाचन आयोग के ऐप का ट्रायल
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पटना जिला में पहला रिहर्सल बुधवार को होगा। इसके तहत भारत निर्वाचन आयोग के सभी ईसीआईनेट ऐप का ट्रायल होगा। इसके लिए डीएम ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के सभी बीएलओ को अपने मतदान केंद्र पर सुबह 8:00 बजे तक पहुंचने का निर्देश दिया है। इस दौरान पीआरओ ऐप (प्रो ऐप) की फील्ड टेस्टिंग होगी। डीएम ने यह निर्देश मंगलवार को सभी 21 कोषांगों के वरीय नोडल पदाधिकारियों, नोडल पदाधिकारियों तथा 14 निर्वाची पदाधिकारियों के संग समीक्षा के दौरान दी गई।





