
भैंस पर बैठ वोट देने पहुंचा वोटर, बिहार चुनाव के दूसरे चरण में EVM खराब होने की भी शिकायत
Bihar Chunav: बोधगया विधानसभा के फतेहपुर मध्य विद्यालय बूथ संख्या-260 पर भैंस पर एक मतदाता वोट डालने के लिए पहुंचा। भैंस पर बैठे वोटर को देख वहां वोट डालने आए दूसरे लोग थोड़े हैरान भी रहे।
Bihar Chunav: बिहार में दूसरे चरण के मतदान में भी वोटरों का जोश हाई दिख रहा है। सुबह नौ बजे तक 14.55 फीसदी वोटिंग हुई है। आज 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग हो रही है और वोटिंग की कई अलग-अलग तस्वीरें सामने आई हैं। दूसरे चरण की वोटिंग के शुरुआत में कहीं-कहीं से ईवीएम मशीन में खराबी आने की खबरें सामने आईं तो भैंस पर बैठकर वोट डालने के लिए जाने वाले वोटर की भी तस्वीर सामने आई। बोधगया विधानसभा के फतेहपुर मध्य विद्यालय बूथ संख्या-260 पर भैंस पर एक मतदाता वोट डालने के लिए पहुंचा। भैंस पर बैठे वोटर को देख वहां वोट डालने आए दूसरे लोग थोड़े हैरान भी रहे।

गयाजी जिले में फतेहपुर के बूथ संख्या-227 पर ईवीएम में गड़बड़ी के कारण डेढ़ घंटा तक मतदान रुका रहा। इसी तरह इमामगंज विधानसभा के बूथ संख्या- 87 पर ईवीएम मशीन में आई तकनीकि खराबी के कारण मतदान में समस्या आई। कटिहार जिले में मिचाईबारी स्थित इंदिरा गांधी पुस्तकालय में मतदान केंद्र संख्या 95 और 96 पर मतदाता सुबह 6:15 बजे ही पहुंच गए थे। कटिहार स्टेशन पर बुधवार को मतदान के दिन बड़ी संख्या में बाहर से लौटे मतदाताओं की भीड़ देखी गई। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे राज्यों में काम करने वाले मतदाता मतदान के दिन विशेष रूप से ट्रेन पकड़कर अपने गृह जिले पहुंचे।
कटिहार के ही मिर्चाईबारी स्थित पिंक मतदान केंद्र संख्या 94 पर आंख से दिव्यांग जमाल हुसैन ने पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि हम देख नहीं पाते हैं तो क्या हुआ, विकास की आस में मतदान करने आए हैं। हम चाहते हैं कि समाज का विकास हो और दिव्यांगों के हित में भी सरकार उचित कदम उठाए। इसी तरह किशनगंज के बालिका उच्च विद्यालय डुमरिया वार्ड नंबर-30 बूथ संख्या-325 पर मतदाताओं की लंबी कतार नजर आई। यहां 90 वर्षीय शांति देवी अपने मत का प्रयोग करने के लिए ठाकुरगंज बूथ संख्या 301 उच्च विद्यालय ठाकुरगंज पहुंचीं।
बांका जिले में दिव्यांग व्हीलचेयर पर बैठ कर वोटिंग करने के लिए बूथ पर जाते नजर आए। सासाराम जिले में अकोढ़ीगोला के बूथ संख्या 70 को छोडकर सभी मतदान केन्द्र पर ससमय पर मतदान शुरु हुआ। बूथ संख्या 70 पर ईवीएम मशीन में खराबी आने से लगभग आधा घंटा विलंब से मतदान शुरू हुआ। इधर पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर प्राथमिक विद्यालय बहुअरवा मतदान केंद्र संख्या-83 पर मतदाता मतदान करने के लिए नाव से आए।
पूर्णिया के धमदाहा में सुबह-सुबह मतदान के लिए महिलाओं की भीड़ मतदान केंद्र पर नजर आई। नवादा जिले में वोटिंग के लिए युवाओं में काफी उत्साह नजर आया है।
दूसरा चरण : सुबह 9 बजे तक का मतदान प्रतिशत
पश्चिम चंपारण - 15.04
पूर्वी चंपारण - 14.11
शिवहर - 13.94
सीतामढ़ी - 13.49
सुपौल - 14.85
अररिया - 15.34
किशनगंज - 15.81
पूर्णिया - 15.54
भागलपुर - 13.43
बांका - 15.14
कैमूर - 15.08
रोहतास - 14.16
अरवल - 14.95
जहानाबाद - 13.81
औरंगाबाद - 15.43
गया जी - 15.97
नवादा - 13.46
जमुई - 15.77
-----------------------
कुल - 14.55



