
Viral Video: लेडी डांसर के साथ पिस्टल लेकर डांस करने वाले 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, वेतन भी रुका
गोपालगंज जिले के दो पुलिसकर्मियों को एक कार्यक्रम में पिस्टल लहराकर नर्तकी से डांस करने के वीडियो वायरल मामले में निलंबित कर दिया गया है। साथ ही वेतन भी रोक दिया गया है।
गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाने में पदस्थापित दो पुलिसकर्मियों को एक कार्यक्रम में पिस्टल लहराकर नर्तकी से डांस करने के वीडियो वायरल मामले में निलंबित कर दिया गया है। डायल-112 में तैनात सिपाही अमित कुमार को एसपी अवधेश दीक्षित ने सामान्य जीवनयापन भत्ता पर निलंबित कर आगे की विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर ,अग्निशमन विभाग के जिला अग्निशमन समादेष्टा अविनाश कुमार ने बताया कि कुचायकोट थाने में तैनात अग्निशमन विभाग के सिपाही अनमोल तिवारी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है।
साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर अनुशंसा की गई है। विदित हो कि 27 नवंबर को पश्चिमी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर बैरागी गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दोनों सिपाही शामिल हुए थे। कार्यक्रम में सरकारी पिस्टल लहराकर नर्तकी के साथ डांस करते हुए दोनों पुलिसकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेतिया सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने संपूर्ण घटनाक्रम की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों अमित कुमार और अनमोल तिवारी के खिलाफ पश्चिम चंपारण के मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसी क्रम में दोनों को निलंबित कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई है।





