Hindi NewsBihar Newsviolence erupts in kaimur amid counting of bihar assembly election
बिहार में चुनाव रिजल्ट के बाद कहां भड़की हिंसा, भीड़ का पथराव-आगजनी वाला बवाल

बिहार में चुनाव रिजल्ट के बाद कहां भड़की हिंसा, भीड़ का पथराव-आगजनी वाला बवाल

संक्षेप:

कैमूर में मतगणना केंद्र के बाहर भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और अगजनी भी की गई। इस घटना में सीआरपीएफ के एक इंस्पेक्टर, दो हवलदार, एक जमादार सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें से दो पुलिसकर्मियों को ज्यादा चोट लगी है।

Nov 15, 2025 08:13 am ISTSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, कैमूर
share Share
Follow Us on

बिहार में दो चरणों की वोटिंग और काउंटिंग शांतिपूर्वक संपन्न हो चुका है। चुनाव प्रचार के बीच मोकामा में एक शख्स की हत्या हो गई तो मतगणना के बीच कैमूर सीट पर भारी उपद्रव हुआ। यहां मतगणना केंद्र पर एकमात्र सीट जीतने वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के समर्थकों ने भारी बवाल काटा। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और अगजनी भी की गई। इस घटना में सीआरपीएफ के एक इंस्पेक्टर, दो हवलदार, एक जमादार सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें से दो पुलिसकर्मियों को ज्यादा चोट लगी है। बाद में बल प्रयोग करके भीड़ को काबू किया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कैमूर के बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र पर शुक्रवार की देर शाम बसपा समर्थकों ने भारी बवाल किया। बसपा समर्थकों ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी के वाहन को आग के हवाले कर दिया, जिससे उनकी गाड़ी धू-धू कर जल गई। हालांकि घटना के दौरान मतगणना केंद्र के गेट पर अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

दरअसल रामगढ़ विधानसभा का चुनाव काफी रोचक हो गया था। शुरू के 18 वें राउंड तक बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सतीश कुमार पिंटू राउंड तक आगे चल रहे थे। उसके बाद कभी भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह आगे हो जाते थे तो कभी बसपा प्रत्याशी सतीश पिंटू आगे हो जाते थे। काफी कांटे का टक्कर दोनों के बीच चल रही थी। इस कारण बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता काफी संख्या में मतगणना केंद्र के बाहर इकट्ठा हो गए थे।

बसपा समर्थकों का कहना था कि 24वें राउंड की गिनती 6:30 बजे घोषित कर दी गई थी। लेकिन, 25वें एवं अंतिम चक्र के चुनाव परिणाम की घोषणा करने में देर की जा रही है। इसको लेकर पहले बसपा समर्थकों ने मतगणना केंद्र से दक्षिण सड़क पर धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि वहां मौजूद अधिकारी उन्हें समझाकर सड़क से हटाने की कोशिश कर रहे थे। रोड जाम कर हंगामा कर रहे लोगों को नियंत्रित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा की जा रही पहल की अनसुनी करने के बाद उन्हें वहां से हटाने की कोशिश में पुलिस को हलका बल प्रयोग करना पड़ा।

चिकित्सा दल के अनुसार, घायलों में सीआरपीएफ की एफ टू 238 बटालियन के एएसआई राजकुमार मिश्रा, सब इंस्पेक्टर कृष्णकांत मिश्रा, हवलदार योगेंद्र शर्मा, भीम सेन, गोरखा रेजिमेंट का जवान संजय कुमार राणा शामिल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। इस घटना की सूचना पर मतगणना केंद्र के अंदर से पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के नेतृत्व पुलिस बल बाहर निकला और उपद्रव मचा रहे बहुजन समाज पार्टी के समर्थकों को खदेड़ भगाया। इस दौरान आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह हेलमेट व सुरक्षा जैकेट पहनकर मतगणना केंद्र से बाहर घटना स्थल पर पहुंचे।

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।