Vikramshila Setu Closed: आज से बिहार का विक्रमशिला सेतु बंद, जहाज से पार करेंगे यात्री; 11 क्रूज देंगे मुफ्त सेवा

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, भागलपुर
share

Vikramshila Setu Closed: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर आज से परिचालन बंद कर दिया गया है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण डीएम ने तीन दिनों तक कार्गों नहीं चलाने का निर्देश दिया है। क्षतिग्रस्त स्लैब के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य के लिए तीन महीने का मेगा ब्लॉक लिया गया है।

Vikramshila Setu
विक्रमशिला सेतु को आज से आवागमन के लिए बंद कर दिया जाएगा।

Vikramshila Setu Closed: बिहार में आज से विक्रमशिला सेतु पर अगले तीन महीनों तक आवगमन रुक गया है। सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू होगा। सेतु पर बनाए गए बेली ब्रिज को खोलकर ट्रस ब्रिज बनाया जाएगा। सेतु बंद होने की स्थिति में गुरुवार सुबह से गंगा में क्रूज का परिचालन कराया जाएगा। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सरकार की ओर से यहां 11 क्रूज की नि:शुल्क सेवा शुरू की जा रही है। वाहनों के लिए सात कार्गो जहाज का भी परिचालन कराया जाएगा। हालांकि गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण डीएम ने तीन दिनों तक कार्गों नहीं चलाने का निर्देश दिया है। क्षतिग्रस्त स्लैब के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य के लिए तीन महीने का मेगा ब्लॉक लिया गया है।

इसके तहत न सिर्फ टूटे स्लैब की जगह नया स्लैब लगाया जाएगा, बल्कि तीन अन्य स्लैब की गड़बड़ियों को दुरुस्त करने के लिए स्टील का ट्रस ब्रिज बनाया जाएगा। इसलिए तीन माह तक नदी मार्ग से आवागमन हो पाएगा। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गुरुवार से फेरी सेवा शुरू हो जाएगी। डीएम ने बताया कि वैकल्पिक फेरी सेवा के लिए तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई र्है। इधर, देर शाम जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार यात्री जहाज पर बाइक और साइकिल भी ले जा सकेंगे। हालांकि बाइक का शुल्क देना होगा। जबकि एंबुलेंस एवं साइकिल नि:शुल्क ले जाए जा सकेंगे।

रात 12 बजते ही सेतु पर लगा दी गई बैरिकेडिंग

बुधवार रात 12 बजते ही सेतु पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगा दी गई। सेतु पर आवागमन रोक दिया गया है। 12 बजे के बाद जितनी गाड़ियां पहुंची उसे वापस कर दिया गया। हालांकि बेली ब्रिज खोलने के लिए बीआरओ की टीम 12 बजे तक सेतु पर नहीं पहुंची थी। सुबह पांच बजे से बीआरओ की टीम बेली ब्रिज को खोलने का काम शुरू करेगी।

बाबूपुर घाट से अभी तीन दिनों तक कार्गो नहीं चलेगा

विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर डीएम अलंकृता पाण्डेय ने सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ बुधवार को घाटों का किया निरीक्षण किया और तैयारियों का लिया जायजा। सेतु पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर आमजनों की सुविधा एवं जहाजों के सुरक्षित परिचालन को लेकर उन्होंने तमाम तैयारियों को देखा। डीएम ने बियाडा घाट, बरारी घाट, सबौर स्थित बाबूपुर घाट एवं नवगछिया स्थित जाह्नवी चौक घाट का निरीक्षण। पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु रखें।

गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सबौर स्थित बाबूपुर घाट से होने वाले कार्गो मूवमेंट को फिलहाल तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। तीन दिनों के बाद गंगा नदी के जलस्तर एवं परिस्थितियों का पुनः आकलन किया जाएगा और स्थिति अनुकूल पाए जाने पर बाबूपुर घाट से कार्गो सेवा पुनः प्रारंभ की जाएगी। डीएम ने घाटों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं, जिसमें मेडिकल कैंप, जीविका दीदी की रसोई, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक प्रतिनिधि, आपदा मित्र एवं पुलिस बल आदि की प्रतिनियुक्ति एवं उपलब्धता शामिल है, का भी जायजा लिया।

डीएम ने निर्देश दिया कि फेरी सेवा के संचालन के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन पर ध्यान रखा जाए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था प्रभावी रखी जाए। वैकल्पिक यातायात मार्गों एवं घाटों पर यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।

जहाज परिचालन का समय सुबह 6 से शाम 6 बजे तक होगा। किसी सूरत में सूर्यास्त बाद जहाज नहीं चलेंगे। संचालकों द्वारा यात्रियों से किराया न वसूला जाए, इसकी निगरानी के लिए मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। नावों से नदी मार्ग की पेट्रोलिंग भी होगी। इसका रोस्टर बन गया है।

यात्री - निःशुल्क

माल-मवेशी 30 रुपये

वस्तुभार (100 किलो) - 30 रुपये

साइकिल - नि:शुल्क

एम्बुलेंस - नि:शुल्क

मोटरसाइकिल - 50 रुपये

टोटो / ऑटो - 150 रुपये

ट्रैक्टर (लोडेड) - 500 रुपये

ट्रैक्टर अनलोडेड - 250 रुपये

पिकअप - 600/300

कार-टैक्सी - 700 रुपये

10 चक्का वाहन - 3800 रुपये

10 चक्का अनलोडेड -1,900 रुपये

12 चक्कर लोडेड - 4,400 रुपये

12 चक्का अनलोडेड -2200 रुपये

14 चक्का लोडेड - 4,500 रुपये

14 चक्का अनलोडेड - 2,250 रुपये

16 चक्का लोडेड - 4,800 रुपये

16 चक्का अनलोडेड - 2,400

18 चक्का लोडेड -5,000 रुपये

18 चक्का अनलोडेड - 2250

कहां से खुलेगा जहाज

यात्रियों की सहायता एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला इमरजेंसी कंट्रोल रूम को नियंत्रण कक्ष के रूप में कार्यरत रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की समस्या, आवश्यक जानकारी अथवा सुझाव के लिए यात्री जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 0641-2402871 पर संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम से गंगा घाट के सभी लोगों पर नजर रखी जाएगी।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार: आज से विक्रमशिला सेतु बंद, जहाज से पार करेंगे यात्री; मुफ्त चलेंगे क्रूज