विक्रमशिला सेतु का कुछ हिस्सा टूटा, भागलपुर का उत्तर बिहार से संपर्क खत्म; भीषण जाम से हाहाकार

हिन्दुस्तान, भागलपुर
Follow us on Google News
share

विक्रमशिला सेतु का कुछ हिस्सा टूट जाने से भागलपुर का उत्तर बिहार से संपर्क भंग हो गया। वहीं जिले के सात प्रखंड का मुख्यालय से संपर्क टूट गया। दूसरी तरफ पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर रात करीब 1.45 बजे जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे।

Vikramshila setu collapse

भागलपुर से उत्तर बिहार को जोड़ने वाला महत्वूपर्ण पुल विक्रमशिला सेतु का कुछ हिस्सा रविवार की रात टूट गया। प्रशासन ने इस पुल पर रात के 12.30 बजे से आवागमन रोक दिया। पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और पथ निर्माण विभाग के अभियंता भी पहुंच रहे हैं। यह घटना रात के लगभग 12.30 बजे की है। पहले सेतु पर 133 नंबर पोल के पास कुछ हिस्सा धंस गया। उसी वक्त आवागमन रोक दिया गया। लेकिन कुछ ही देर बाद वह हिस्सा टूट गया। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने रात 1.15 बजे बकायदा इसकी सूचना दी और लोगों से विक्रमशिला सेतु की ओर न जाने की अपील की है।

एसएसपी ने कहा है कि विक्रमशिला पुल की पोल संख्या 133 के पास कुछ दूर पुल का हिस्सा टूट गया है। इससे पहले ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि पहले पुल पर 133 -134 पोल (भागलपुर की तरफ से पाया संख्या 4-5 के बीच) के पास पुल धंसा। धंसने की सूचना के साथ ही आवागमन रोक दिया गया। मौके पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई। लेकिन थोड़ी देर बाद पुल का वह हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी है। ट्रैफिक संधारण की कोशिश की जा रही है और सुरक्षा के लिहाज से तमाम उपाय किए जा रहे हैं, ताकि कोई खतरा न हो। आपको बता दें कि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ ने पुल पर मंडरा रहे खतरे को लेकर एक महीना पहले भी आगाह किया था, लेकिन जिम्मेवार लोगों ने समय रहते कोई कदम नहीं उठाया।

वहीं भागलपुर एनएच डिवीजन के कार्यपालक अभियंता साकेत कुमार रौशन ने यह बताया कि ज्वाइंट का गैप बढ़ गया है। अभी कुछ कह नहीं सकते। मौके पर जा रहे हैं, इसके बाद विस्तृत जानकारी दी जा सकती है। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट पिछले छह महीने से फाइलों में दौड़ रही है। इसके मेंटेनेंस की बात हुई, लेकिन अभी तक इसके लिए कुछ किया नहीं गया। इस बीच चीफ इंजीनियर सहित अन्य अभियंताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुल का जायजा भी लिया था।

भागलपुर का उत्तर बिहार से संपर्क भंग

विक्रमशिला सेतु का कुछ हिस्सा टूट जाने से भागलपुर का उत्तर बिहार से संपर्क भंग हो गया। वहीं जिले के सात प्रखंड का मुख्यालय से संपर्क टूट गया। दूसरी तरफ पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर रात करीब 1.45 बजे जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव मौके पर पहुंचे। वहां बताया गया कि रात के 12.35 बजे पुल धंसा था और वहां मौजूद लोगों को अधिकारियों ने वहां से हट जाने को कहा। थोड़ी ही देर बाद 12.50 बजे पुल का वह हिस्सा पूरी तरह से धारासायी हो गया।

गनीमत रही कि इसके पहले आवागमन रोक दिया गया था और वहां से लोगों को हटा दिया गया था। वरना जानमाल का भी बड़ा नुकसान हो सकता था। प्रशासन की ओर से हिदायत दी गई है कि जिनको भी अभी भागलपुर से नवगछिया की ओर यात्रा करनी है, वह मुंगेर होकर जाएं। इसके लिए वैकल्पिक रूट अभी वही है। मौके पर डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, एसडीओ विकास कुमाार, डीएसपी अजय चौधरी आदि को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग रात में ही करायी जाय।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।