लालू की पाठशाला पर बवाल, सम्राट पर तेजस्वी के तंज से भड़के बिजेंद्र, कहा- वो भी जनता दल से निकले
तेजस्वी यादव द्वारा सम्राट चौधरी को लालू यादव की 'पाठशाला' का छात्र बताने पर बिजेंद्र यादव ने तीखा पलटवार किया है। बिजेंद्र यादव ने कहा कि तेजस्वी को नहीं भूलना चाहिए कि लालू यादव भी जनता दल की ही उपज हैं। उन्होंने विपक्ष के 'चयनित मुख्यमंत्री' वाले तंज…

Bijendra Prasad Yadav: बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद शुरू हुआ 'बयान युद्ध' अब व्यक्तिगत हमलों तक पहुँच गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए तंज कसा कि उन्होंने लालू यादव की 'पाठशाला' से राजनीति सीखी है, तो बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव ने मोर्चा संभाल लिया। बिजेंद्र यादव ने तेजस्वी को आईना दिखाते हुए याद दिलाया कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी कभी जनता दल से ही निकले थे।
तेजस्वी का वो तंज जिसने बढ़ाया पारा
दरअसल, सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण के बाद तेजस्वी यादव ने कहा था कि उन्हें खुशी है कि सम्राट चौधरी ने उस 'पाठशाला' (राजद) की सीख का इस्तेमाल किया, जहाँ उन्होंने राजनीति का क, ख, ग सीखा था। तेजस्वी ने सम्राट को "चयनित मुख्यमंत्री" बताते हुए उन पर तंज कसा था कि उन्होंने नीतीश कुमार को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर ली है।
बिजेंद्र यादव ने कहा “इतिहास न भूलें तेजस्वी”
तेजस्वी यादव के इस बयान पर मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि “राजनीति में कौन कहाँ से निकला है, अगर इसकी चर्चा करेंगे तो बात बहुत दूर तक जाएगी। तेजस्वी यादव को शायद याद नहीं कि उनके पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी कभी जनता दल से ही निकले थे।"
निशांत कुमार को लेकर भी बिजेंद्र यादव ने दिया जवाब
सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में निशांत की अनुपस्थिति पर बिजेंद्र यादव ने कहा कि किसी पर दबाव नहीं डाला जा सकता है। निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पूरी तरह से उनका निजी फैसला होगा। हालांकि, बिहार की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार अपनी राजनीतिक विरासत धीरे-धीरे निशांत कुमार को सौंप सकते हैं। बिजेंद्र यादव के बयान ने इस बात को और हवा दे दी है कि परिवार और पार्टी की तरफ से संकेत भले ही मिल रहे हों, लेकिन अंतिम मुहर खुद निशांत को ही लगानी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


