Bihar News LIVE: जेडीयू ने की चुनावी हार की समीक्षा, सम्राट ने एनडीए नेताओं की बैठक ली
Bihar News LIVE: विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद बिहार का सियासी पारा गर्माया हुआ है। चार में से तीन सीटों पर हार मिलने के बाद जेडीयू ने आज चुनाव नतीजों पर महामंथन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए नेताओं की बैठक हुई। इसमें पीएम मोदी के आगामी बिहार दौरे पर चर्चा हुई।
Bihar News LIVE: बिहार विधान परिषद चुनाव के रिजल्ट समीक्षा के लिए जेडीयू दफ्तर में बैठक हुई। जेडीयू को तीन सीटों पर मिली हार पर महामंथन किया गया। इसके बाद शाम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में एनडीए नेताओं की बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे को लेकर चर्चा हुई। पीएम के 20-21 नवंबर को बिहार आने का कार्यक्रम है। भोजपुरी सिंगर एवं एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने आज सीएम आवास जाकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ में मर्डर करने वाला एएसआई चंद्रमोहन सिंह अभी तक फरार है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज मधुबनी पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिले। वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में मिट्टी धंसने से एक बच्ची की मौत हो गई। दरभंगा के सकतपुर थाना क्षेत्र में बदमाश ने गश्ती कर रहे एएसआई को गोली मार दी।
Bihar News LIVE: राजेश को बीएसईबी और मनोज को शिक्षा विभाग में अतिरिक्त प्रभार
पटन के प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, पंचायतीराज विभाग के सचिव मनोज कुमार को शिक्षा विभाग में सचिव की अतिरिक्त जिम्मेवारी सौंपी गई है। गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी की। वहीं, एक अन्य अधिसूचना के अनुसार, बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी व बक्सर के वरीय उप समाहर्ता मनीष कुमार को इटहरी एवं राजपुर तथा गोपालगंज की वरीय उप समाहर्ता रितु रानी को मांझा, सिधवलिया, थावे, हथुआ व कटैया अंचलों के भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर अनुमंडल - 2 की शक्ति प्रदान की गई है।
Bihar News LIVE: दरभंगा में गश्ती कर रहे एएसआई को बदमाश ने गोली मारी
दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र में छिन्नमस्तिका मंदिर के पास आज शाम एक बदमाश ने पुलिस एएसआई को गोली मार दी। गोली एएसआई के बाएं पैर में लगी है। बताया जा रहा है कि जमादार रणधीर कुमार पटना के नौबतपुर के रहने वाले हैं। वह गश्ती पर थे तभी हमलावर ने उन पर फायर कर दिया। घायल एएसआई का डीएमसीएच में इलाज चल रहा है।
Bihar News LIVE: एमएलसी चुनाव जीतने और हारने वाले प्रत्याशियों ने जेडीयू नेतृत्व को फीडबैक दिया
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि एमएलसी चुनाव में जीतने और हारने वाले उम्मीदवारों को आज की समीक्षा बैठक में बुलाया गया। उनके साथ जिलाध्यक्ष और चुनाव प्रभारी भी मौजूद रहे। सभी ने पार्टी के नेतृत्व को फीडबैक दिया। इसका विश्लेषण किया जाएगा। उस आधार पर भविष्य की रणनीति पर पार्टी काम करेगी। आज जो भी फीडबैक आया, उसके आधार पर फिर आगे तय होगा।
Bihar News LIVE: सीवान में दुकानदार की जलकर मौत, दुकान में बंद कर जिंदा जलाने का आरोप
सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र स्थित सरैया बाजार में बीती रात बंद दुकान के अंदर आग लगने से दुकानदार गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हसन गांव के अलावल टोला निवासी जलील अंसारी के बेटे नदीम अंसारी के रूप में हुई है। परिजन ने उसे साजिश के तहत दुकान के अंदर जिंदा जलाकर मारने की आशंका जताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सीवान-तरवारा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस-प्रशासन के समझाने के बाद जाम हटाया जा सका। मामले की जांच जारी है।
Bihar News LIVE: जहानाबाद में ज्वेलरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या
जहानाबाद में दुकान बंद कर ऑटो से घर लौट रहे ज्वेलरी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात ढोढ़री मोड़ पर हुई। बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अपराधी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान कुर्था बाजार निवासी मनोज सोनार के रूप में हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
Bihar News LIVE: सम्राट की अध्यक्षता में बिहार एनडीए की बैठक शुरू
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर बिहार एनडीए की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में भाजपा, जदयू, लोजपा-आर, हम और रालोमो के वरीय नेता चर्चा करेंगे।
Bihar News LIVE: उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे सीएम आवास
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा सीएम आवास पहुंचे हैं। वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हो रही एनडीए की बैठक में शामिल होने आए हैं।
Bihar News LIVE: सीएम सम्राट चौधरी से मिलीं एक्ट्रेस अक्षरा सिंह
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की है। अक्षरा सीएम से मिलने उनके आवास पहुंचीं। इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है। सीएम सम्राट और अक्षरा ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की हैं।
Bihar News LIVE: दिलीप जायसवाल ने पांच सीओ पर ऐक्शन लिया
बिहार के पांच अंचलाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल के अनुमोदन के बाद पांचों सीओ पर कार्रवाई के संबंध में गुरुवार को आदेश जारी किया गया है। बैकुंठपुर के तत्कालीन अंचलाधिकारी पंकज कुमार के दो वेतनवृद्धि पर रोक लगाई गई है। इन पर आरोप है कि विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं प्रावधानों की अनदेखी कर ऑनलाइन जमाबंदी में रकबा जोड़ा।
Bihar News LIVE: जेडीयू की बैठक खत्म, संजय झा ने चारों सीटों पर आधा-आधा घंटा मंथन किया
बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों की समीक्षा को लेकर आयोजित जेडीयू की बैठक खत्म हो गई है। दोपहर दो बजे शुरू हुई बैठक शाम में लगभग 5 बजे तक चली। इस बैठक में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मौजूद रहे। साथ ही एमएलसी चुनाव वाली चारों सीटों के प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष और विधायक भी इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में तिरहुत स्नातक, सारण शिक्षक और दरभंगा शिक्षक सीट पर जेडीयू की हार की समीक्षा की गई। संजय झा ने सभी सीटों पर हार के कारणों पर लगभग आधा-आधा घंटा मंथन किया। हारे प्रत्याशियों और स्थानीय नेताओं ने सहयोगी दलों की चुनाव में उदासीनता और छल के आरोपों को भी शीर्ष नेतृत्व के सामने रखा। वहीं, पटना स्नातक से चुनाव जीते जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने भी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से चुनाव में सहयोग नहीं मिलने की शिकायत की।
Bihar News LIVE: गया के अतरी में दो बाइक भिड़ीं, दो लोगों की मौत
गया जिले के अतरी में दो बाइक के बीच भिडंत हो गई, इसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा अतरी-जेठियन पथ पर हुआ। दोनों मोटर साइकिल की आमने सामने टक्कर हुई। मरने वालों में अतरी बिकैपुर गांव के 19 वर्षीय रोहित और अतरी के उपथू गोसाईं मठ के 21 वर्षीय मुकेश चौधरी शामिल हैं।
Bihar News LIVE: रोहतास में ऑटो में बैठी युवती को सुनसान जगह ले जाकर गैंगरेप
रोहतास जिले के करवंदिया थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गुरुवार की सुबह युवती को वेदा पहुंचाने के बहाने ऑटो चालक और उसके सहयोगी ने सुनसान रास्ते से एक दुकान पर ले जाकर घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
Bihar News LIVE: एनडीए की बैठक थोड़ी देर में शुरू होगी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में एनडीए नेताओं की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक पटना स्थित सीएम आवास पर थोड़ी देर में शुरू होगी। इसमें भाजपा, जदयू, लोजपा-रामविलास, हम और रालोमो के नेता मौजूद रहेंगे। बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद गठबंधन में उपजे असंतोष और खासकर भाजपा-जदयू के बीच उठे गतिरोध के बीच गठबंधन की बैठक अहम मानी जा रही है। इससे पहले जेडीयू ने भी चुनावी नतीजों पर समीक्षा के लिए बैठक की।
Bihar News LIVE: प्रशांत किशोर बोले- जेडीयू में कोई नेता और नेतृत्व नहीं बचा
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने जनता दल यूनाइटेड में आंतरिक कलह का दावा किया है। पीके ने तंज कसते हुए कहा कि जेडीयू की ताकत नीतीश कुमार थे। अब वहां ना तो कोई नेता है और ना कोई नीति और नेतृत्व है।
Bihar News LIVE: जेडीयू की बैठक से निकले अभिषेक झा, बोले- जो कहना था, कह दिया, यह आंतरिक मामला
तिरहुत स्नातक सीट से चुनाव हारे अभिषेक झा जेडीयू की समीक्षा बैठक से निकले हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि बैठक में बैठक में चुनाव के दौरान जो भी अनुभव हुए, वो सभी ने साझा किए, पार्टी के लोगों ने इत्मीनान से सुना, जो भी बातें हुईं, वो आंतरिक बातें हैं। अभिषेक ने कहा कि चुनाव में या तो आप जीतते हैं या फिर अपनी कमियों, बातों और लोगों के साजिश-षडयंत्र से सीखते हैं। इस चुनाव में हमने भी बहुत कुछ सीखा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान जो भी बातें हुईं, वो पार्टी के सामने रख दी है। जेडीयू नेतृत्व ने बहुत धैर्य से सारी बातें सुनीं। उन्होंने एनडीए से नाराजगी की बात से इनकार कर दिया। अभिषेक ने कहा कि एनडीए का परिवार बहुत बड़ा है। हम अपने मन की बात जाहिर करें, तो इसका मतलब यह नहीं होता कि नाराज हैं। जो भी बातें हुईं, वो पार्टी और गठबंधन के अंदर की बाते हैं। उन्होंने चुनाव की हार के पीछे की वजह के बारे में बोलने से इनकार कर दिया।
Bihar News LIVE: जेडीयू जिलाध्यक्ष ने एमएलसी चुनाव में एनडीए के अंदर छल का आरोप लगाया
जेडीयू की समीक्षा बैठक में जाने से पहले पार्टी के गोपालगंज जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल ने एमएलसी चुनाव में विश्वासघात का आरोप लगाया। पटेल ने कहा कि सारण शिक्षक सीट पर एनडीए में हमारे साथ विश्वासघात हुआ, यह विषय मीटिंग में उठाएंगे। सारण शिक्षक सीट से हारे जेडीयू के उम्मीदवार आनंद पुष्कर भी भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी और राधा मोहन सिंह पर चुनाव में छल का आरोप लगा चुके हैं।
Bihar News LIVE: जेडीयू की बैठक में विधायक और जिलाध्यक्ष
एमएलसी चुनाव के नतीजों पर हुई जेडीयू की समीक्षा बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, चुनावी जिलों के जिलाध्यक्ष, क्षेत्रों के विधायक, प्रत्याशी शामिल हुए हैं। चार में से तीन सीटों पर मिली हार को लेकर जेडीयू में महामंथन चल रहा है। बैठक अब खत्म होने वाली है।
सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। वहीं, विधान परिषद चुनाव में तीन सीटों पर हार की जदयू की समीक्षा बैठक भी चल रही है। इस बीच भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार सरकार में भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि विपक्ष दिन में सपने नहीं देखे। एनडीए एकजुट है। हम पांच पांडव मजबूती से एक साथ हैं।
Bihar News LIVE: जेडीयू विधायक मनजीत सिंह ने बताया क्यों बुलाई गई समीक्षा बैठक
एमएलसी चुनाव रिजल्ट को लेकर जेडीयू की समीक्षा बैठक में पहुंचे विधायक मनजीत सिंह ने कहा कि समीक्षा बैठक पार्टी के अंदर हर समय होती रहती है। पार्टी का कार्यक्रम हो तो भी समीक्षा होती है। या किसी चीज (चुनाव में) अच्छे या बुरे परिणाम होते हैं तो उन विषयों पर भी पार्टी आत्ममंथन और विचार विमर्श करती है, ताकि भविष्य में हम अच्छा प्रदर्शन करें।
Bihar News LIVE: जेडीयू विधायक पप्पू वर्मा बोले- एनडीए में सब ठीक है
एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर जेडीयू की बैठक में पहुंचे पार्टी के विधायक पप्पू वर्मा ने दावा किया कि एनडीए में सब ठीक है। उन्होंने कहा कि उसी की समीक्षा हो रही है। बैठक में समीक्षा होने के बाद जानकारी दी जाएगी।