VIDEO: बिहार में चलती ट्रेन की खिड़की से लटका रहा मोबाइल झपटमार, यात्रियों ने सिखाया सबक
बिहार के खगड़िया जिले में मोबाइल छीनने वाले एक शख्स को ट्रेन के यात्रियों ने खूब मजा चखाया। मोबाइल छीनने के क्रम में यात्रियों ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद यह झपटमार करीब 9 किलोमीटर तक चलती ट्रेन से लटका रहा। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।

बिहार के खगड़िया-मानसी रेलखंड पर चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल झपट रहे एक उचक्के की जान पर बन आई, जब यात्रियों ने बोगी के अंदर से उसका हाथ पकड़ लिया और वह चलती ट्रेन में बाहर ही लटका रहा। मोबाइल झपटमार नौ किलोमीटर तक चलती ट्रेन में खिड़की के बाहर लटके-लटके खगड़िया रेलवे स्टेशन तक आया। यहां जीआरपी ने उसे अपने कब्जे में लिया तब उसकी जान में जान आई। जीआरपी के अनुसार 13205 अप पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र जनहित एक्सप्रेस ट्रेन मानसी रेलवे जंक्शन से शनिवार देर रात करीब 1.35 बजे ज्यों ही खुली, आउटर के पास खड़े एक उचक्के ने चलती ट्रेन में खिड़की के पास बैठे यात्री के हाथ से मोबाइल फोन झपटने की कोशिश की, पर सतर्क यात्री ने उचक्के का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद अन्य यात्रियों ने भी ट्रेन के भीतर से ही बाहर खिड़की में लटके उचक्के के हाथ को पकड़ लिया।
इसके बाद उचक्का इसी तरह चलती ट्रेन में खिड़की के बाहर लटका रहा। ट्रेन चलती रही और वह अपनी जान की गुहार लगाता रहा। इस बीच ट्रेन खगड़िया रेलवे जंक्शन पहुंच गई। उधर, पकड़ा गया उचक्का बार-बार अपना नाम और पता गलत बताता रहा। वह खुद को निर्दोष भी बता रहा था।ट्रेन के खगड़िया पहुंचने पर जीआरपी थानाध्यक्ष और पुलिस बल ने खिड़की के बाहर लटकते आ रहे उचक्के को पकड़ा और थाना ले आए। खिड़की पर लटका युवक बार-बार चिल्ला भी रहा था। यात्रियों ने उसका हाथ जोर से पकड़ रखा था। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
यहां पूछताछ में उसने खुद को भागलपुर जिले के नवगछिया थानान्तर्गत मुमताज मुहल्ला के रहने वाला बरकत मंसूरी बताया। खगड़िया जीआरपी थानाध्यक्ष मो. सलाउद्दीन ने बताया कि पकड़े गए उचक्के के पास से एक मोबाइल भी बरामद किया गया है। मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कुछ माह पहले भी इसी तरह की घटना खगड़िया बेगूसराय रेलखंड पर हुई थी। चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी की घटनाएं हमेशा होती रहती है। इसको लेकर अब ट्रेन में चढ़ने यात्री सतर्क हो गये हैं। चलती ट्रेन में मोबाइल चोरी का गिरोह करने वाला सक्रिय हो गया है। मोबाइल चोरी गिरोह को पकड़ने के लिए रेलवे और स्थानीय पुलिस की ओर लगातार अभियान चलाया जाता रहा है। इसके अलावा चलती ट्रेन में यात्रियों को सतर्क रहने के लिउ हमेशा जागरूक किया जाता रहा है। रेलवे अधिकारियों की ओर से इस मामले में काफी गंभीरता बरती जा रही है। कोई कोताही नहीं बरती जा रही है।


