बिहार में वोटिंग से पहले पैसे बांटने का वीडियो वायरल, बीजेपी विधायक पर केस दर्ज
बिहार चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले पूर्वी चंपारण की चिरैया सीट से विधायक लालबाबू गुप्ता पर खिलाफ पैसे बांटने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। इस सीट से लालबाबू बीजेपी प्रत्याशी भी हैं। आरजेडी ने वीडियो शेयर कर शिकायत की थी।

बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए कल (मंगलवार) को वोटिंग हैं। उससे पहले पूर्वी चंपारण की चिरैया सीट से मौजूदा विधायक और भाजपा प्रत्याशी लालबाबू गुप्ता का महिला को पैसे बांटने का वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें वे मतदाताओं को पैसे देते दिखाई दे रहे हैं। जिसकी शिकायत आरजेडी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर की थी। जिसके प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है।
राजद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चुनाव आयोग को छाती पर चढ़कर चिरैया का यह भ्रष्ट बीजेपी विधायक खुलेआम मतदाताओं को पैसा बांट रहा है लेकिन मजाल है कि बिका हुआ चुनाव आयोग इसे रोक सके। दो डरपोक डकैत लोकतंत्र को आग में झोंक रहे है। बिहार में तुम्हारा यह गंदा खेल नहीं चलेगा।
पूर्वी चंपारण के पताही के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इस मामले में थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर कार्रवाई का आदेश दिया है। पत्र में लिखा कि सोशल मीडिया पर 11 नवंबर को एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें लालबाबू प्रसाद गुप्ता (अभ्यर्थी बीजेपी) द्वारा एक महिला को पैसे बांटते हुए देखे जा रहे हैं। जो आचार संहिता का उल्लंघन है। ऐसे में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में आवश्यक कार्रवाई करने का कष्ट करें।
राज्य में मंगलवार (11 नवंबर) को दूसरे चरण के विधानसभा की 122 सीटों पर मतदान होना है, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।



