VIDEO: बिहार में बीच सड़क पर मच गई शराब की लूट; महिला, बच्चे, बुजुर्ग कोई पीछे नहीं
दुर्घटना के बाद शराब लदी ट्रक छोड़कर ड्राइवर और तस्कर फरार हो गए। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण हादसे के स्थल पर पहुंचे और शराब की बोतलें और कार्टन लेकर फरार हो गए।

बिहार पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच अररिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट टोल प्लाजा के पास शुकवार को विदेशी शराब की एक बड़ी खेप ले जा रही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहत-बचाव के बजाय शराब की बोतलें लूटने की होड़ मच गई। बोतलें लेकर भागने में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी पीछे नहीं दिखे। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ड्राइवर अचानक अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ कर क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन के क्षतिग्रस्त होने के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया क्योंकि उसे पता था कि ट्रक में शराब के कार्टन्स लदे हैं। यह खबर जंगल की आग की तरह इलाके में फैल गई कि ट्रक में अवैध शराब की पेटियां छिपाकर ले जाई जा रही हैं। लोगों की भीड़ दुर्घटना स्थल पर जमा हो गई और शराब लूटने की होड़ मच गई। कई लोग शराब की बोतलें और कार्टन समेटकर भागने लगे। कुछ ही देर में पूरी सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शराब लूटने का यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
चालक और तस्कर मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक में सवार चालक और तस्कर मौका पाकर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी रानीगंज थाना पुलिस को दी गई। जबतक पुलिस पहुंचती तबतक भारी संख्या में शराब की बोतलें गायब हो चुकी थीं। पुलिस के सामने उन बोतलों और कार्टन्स को बरामद करने की चुनौती है क्योंकि, राज्य में शराब का सेवन भी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बची शराब की खेप को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और फरार तस्करों की पहचान की जा रही है। शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था, पुलिस इसका पता लगाने में जुट गई है। जो बोतलेंं और कार्टन्स लोग अपने घर ले गए उनकी बरामदगी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि लूटी गई शराब का सेवन नहीं करें

