VIDEO: सीतामढ़ी में जेल से छूटे फेकन का हाफ एनकाउंटर; पुलिस पर चलीं 3 गोलियां, 1 गाड़ी में लगी
सीतामढ़ी पुलिस ने जेल से छूटे कुख्यात लुटेरा फेकन का हाफ एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर तीन फायरिंग की। एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी है। उसके बाद खदेड़कर फेकन के पैर में गोली मार दी गई।
Bihar Half Encounter: आरा फेक एनकाउंटर का आरोप झेल रही बिहार पुलिस ने सीतामढ़ी में एक कुख्यात बदमाश का हाफ एनकाउंटर कर दिया। रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी स्थित आम बगीचा के समीप गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई में सीएसपी लूटकांड का मुख्य आरोपित फेकन महतो पुलिस की गोली से घायल हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली पुलिस वाहन में भी लगी। हालांकि पुलिस टीम पूरी तरह सुरक्षित रही। फेकन 15 दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटा था।
पुलिस के अनुसार नगर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की साजिश की सूचना पर कार्रवाई की जा रही थी। नगर थाने की पुलिस ने लूटकांड को अंजाम देने पहुंचे फेकन के साथियों को दबोच लिया। लेकिन फेकन महतो पुलिस को चकमा देकर बाइक से रीगा की ओर भाग निकला। नगर थाना की सूचना पर रीगा पुलिस ने रेवासी के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर फेकन भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पिस्टल, गोली, बाइक बरामद
गिरफ्तार फेकन की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के पसुरामपुर निवासी के रूप में हुई है। उसके पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा बीते सप्ताह पमरा पुल के समीप लूटी गई बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश को पहले सदर अस्पताल लाया गया।
सीएसपी लूटकांड का मुख्य आरोपी
पुलिस ने बताया कि दो दिन पूर्व रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी गांव स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट में फेकन मुख्य आरोपित है। सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान की गई थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इससे पहले वह मेजरगंज के सीएसपी लूटकांड में जेल गया था और करीब 15 दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी अमित रंजन और सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच फेकन महतो का इलाज कराया जा रहा है।
(सीतामढ़ी से सक्षम वर्मा की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

