VIDEO: बिहार में मंत्री के घर-अस्पताल पर चला सम्राट सरकार का बुलडोजर, अवैध कब्जा था

हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी, हिन्दुस्तान टीम
Follow us on Google News
share

बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट की समाज कल्याण मंत्री और शिवहर से विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता के आवास एवं नर्सिंग होम पर अवैध कब्जा के आरोप में सरकार का बुलडोजर चल गया है।

मंत्री श्वेता गुप्ता के आवास-हॉस्पिटल पर बुलडोजर ऐक्शन

बिहार के सीतामढ़ी शहर की बहुप्रतीक्षित रिंग बांध सड़क चौड़ीकरण परियोजना को गति देने के लिए रविवार को रीगा अंचल क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सम्राट चौधरी सरकार की कैबिनेट मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता के आवास और अस्पताल पर भी बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन की कार्रवाई देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में पुल से उत्तर रेलवे लाइन तक रिंग बांध के दोनों किनारों से अवैध कब्जे हटाए गए। प्रशासन द्वारा चिह्नित 91 स्थलों पर कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण में बाधा बने अतिक्रमणों को हटाया गया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान समाज कल्याण मंत्री सह शिवहर विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता तथा डॉ. वरुण कुमार के आवास एवं नर्सिंग होम की बाउंड्रीवाल का भी अतिक्रमित हिस्सा हटाया गया। डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि यह प्रशासनिक कार्रवाई है और इसमें उनका पूरा सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि मापी के दौरान बाउंड्रीवाल सहित लगभग दो फीट हिस्सा सड़क की जद में पाया गया था। नोटिस मिलने के बाद चिह्नित हिस्से को हटाने के लिए दूसरी बाउंड्रीवाला बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से आम लोगों को सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों में सभी का सहयोग आवश्यक है।

सड़क निर्माण में बाधा बने थे अतिक्रमण

गौरतलब है कि जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में रिंग बांध सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की गई थी। समीक्षा के दौरान बताया गया था कि डुमरा अंचल में 62 तथा रीगा अंचल में 91 स्थानों पर अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके बाद सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। डुमरा अंचल में पूर्व में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जा चुका है, जबकि रविवार को रीगा अंचल में यह कार्रवाई की गई। कई लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई से पहले ही स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लिए थे, जबकि शेष स्थानों को प्रशासन ने अतिक्रमणमुक्त कराया। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन उसको समझाकर शांत करा दिया गया। अतिक्रमण के चिह्नित कुछ जगहों पर समय कम होने की वजह से कार्रवाई नहीं हुई है। उसे भी जल्द हटाने की बात बतायी गयी है।

विरोध का सामना करना पड़ा

अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों के विरोध और आक्रोश का सामना भी करना पड़ा, लेकिन प्रशासन ने पूरी सख्ती और तत्परता के साथ कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी आएगी और निर्माण एजेंसी को कार्य करने में सुविधा होगी। रिंग बांध सड़क परियोजना को शहर की यातायात व्यवस्था और बाढ़ सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जाता है। लंबे समय से इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, लेकिन विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।