
इसी महीने शुरू होगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, दिल्ली से पटना रूट पर 12 दिसंबर के बाद ट्रायल
Vande Bharat Sleeper Train: वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर ट्रेन की सुविधा इसी महीने मिलने वाली है। रेलवे ने दिसंबर अंत तक दिल्ली-पटना रूट पर वंदे भारत ट्रेन दौड़ाने की तैयारी कर ली है। 12 दिसंबर के बाद कभी भी इसका ट्रायल शुरू हो सकता है।
Vande Bharat Sleeper Train: देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का इंतजार इसी महीने खत्म होने जा रहा है। दिसंबर के अंत तक यह ट्रेन देश की राजधानी दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना के बीच दौड़ने लगेगी। 16 कोच वाले दो रैक के फिनिशिंग का कार्य बेंगलुरु के भारत अर्थमूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) फैक्ट्री में हो रहा है। एक रैक की फिनिशिंग पूरी हो गई है। पहला रैक उत्तर रेलवे के लिए 12 दिसंबर को बेंगलुरु से रवाना होगी। इसके बाद दिल्ली-पटना के बीच ट्रायल रन होगा।
वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर ट्रेन में 16 कोच होंगे और अलग-अलग श्रेणी के कुल 827 बर्थ होगी। इसमें थर्ड एसी के 11, सेकेंड एसी के 4 और फर्स्ट एसी का 1 कोच लगा होगा। इसके एसी 3-टीयर के 11 कोच में 611, एसी 2 टियर के 4 कोच में 188 और एसी फर्स्ट क्लास के 1 कोच में 24 बर्थ होंगे। दानापुर मंडल के अधिकारी ने भी बताया कि इस महीने के अंत तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परिचालन शुरू करने की तैयारी है।
सप्ताह में 6 दिन चलेगी वंदे भारत स्लीपर
वर्तमान में चल रहीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की तर्ज पर ही स्लीपर ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। सप्ताह में 6 दिन ट्रेनों की आवाजाही होती है। इसी की तर्ज पर वंदे भारत स्लीपर को भी सप्ताह में 6 दिन ही चलाया जाएगा। पटना से यह ट्रेन नई दिल्ली-राजेंद्र नगर तेजस राजधानी के समय के आसपास शाम में खुलेगी और अगले दिन सुबह दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में भी तेजस राजधानी की समय सारणी के आसपास इसका परिचालन दिल्ली से होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत स्लीपर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में स्वचालित दरवाजे, बायो-टॉयलेट, सीसीटीवी, रीडिंग लाइट्स और आरामदायक इंटीरियर जैसी कई सुविधाएं होंगी। यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चलने के लिए डिजाइन की गई है। इसमें कवच सिस्टम और क्रैश-प्रूफ डिजाइन जैसी उन्नत सुरक्षा तकनीक लगी है। वहीं यात्रियों की संख्या बढ़ने पर डिब्बों की संख्या 16 से बढ़ाकर 24 तक की जा सकती है।
(पटना से हिन्दुस्तान प्रतिनिधि की रिपोर्ट)





