UPSC की 301वीं रैंक किसकी? अब ब्रह्मेश्वर की पोती ने यूपी की आकांक्षा सिंह को गलत ठहराया

Mar 08, 2026 09:46 am ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, आरा
share

यूपीएससी रिजल्ट की 301वीं रैंक पर आकांक्षा सिंह नाम की दो युवतियां दावा ठोक रही हैं। एक तरफ आरा की रहने वाली ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती है, तो दूसरी तरफ गाजीपुर की डॉ. आकांक्षा सिंह है।

UPSC की 301वीं रैंक किसकी? अब ब्रह्मेश्वर की पोती ने यूपी की आकांक्षा सिंह को गलत ठहराया

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से शुक्रवार को जारी हुए सिविल सेवा परीक्षा परिणाम में 301वीं रैंक पर संग्राम छिड़ गया है। आकांक्षा सिंह नाम की दो लड़कियां इस रैंक पर अपना दावा कर रही हैं। एक तरफ बिहार के आरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह हैं, जो रणवीर सेना के प्रमुख रहे ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं। वहीं दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वालीं आकांक्षा सिंह हैं, जो डॉक्टर हैं।

शुक्रवार को यूपीएससी के नतीजे जारी होने के बाद आरा की आकांक्षा सिंह ने दावा किया कि उन्होंने 301वां स्थान हासिल किया है। कुछ घंटों के बाद सोशल मीडिया पर गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने भी दावा कर दिया कि 301वीं रैंक उनकी है। गाजीपुर की आकांक्षा ने यूपीएससी परीक्षा के व्यक्तित्व परीक्षण का एडमिट कार्ड भी दिखाया और कहा कि बिहार से जो लड़की 301वीं रैंक पर दावा कर रही है, वो गलत है।

इसके बाद शनिवार को आरा की आकांक्षा सिंह ने गाजीपुर की आकांक्षा के दावे को भी खारिज कर दिया। एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जिस आकांक्षा सिंह को यूपीएससी रिजल्ट में 301वीं रैंक मिली है, वो असली आकांक्षा मैं ही हूं। अब इस मामले पर कंफ्यूजन और बढ़ गई है। दोनों ही आकांक्षा इस रैंक पर अपना दावा कर रही हैं। आरा वाली आकांक्षा का कहना है कि उन्होंने इस बारे में संघ लोक सेवा आयोग को ईमेल कर दिया है। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के चलते अब सोमवार को ही उसका जवाब मिलने की संभावना है।

दोनों के एडमिट कार्ड में एक ही रोल नंबर

यूपीएससी की एक रैंक पर एक ही नाम की दो अलग-अलग लड़कियां दावा कर रही हैं। दोनों ने जो एडमिट कार्ड सार्वजनिक किए हैं, उनमें रोल नंबर भी एक जैसे हैं। इससे कंफ्यूजन और बढ़ गई है।

आरा वाली आकांक्षा सिंह, जो ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं, उन्होंने अपना प्रीलिम्स एग्जाम का एडमिट कार्ड मीडिया को दिखाया है। इसमें रोल नंबर 0856794 लिखा हुआ है। वहीं, गाजीपुर वाली आकांक्षा सिंह ने मेन्स एग्जाम का एडमिट कार्ड दिखाया है, उसमें भी रोल नंबर सेम 0856794 लिखा हुआ है।

गाजीपुर वाली आकांक्षा ने बताया कि वह पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने पटना एम्स से एमबीबीएस और पीजी की है। इसके बाद यूपीएससी की तैयारी की। उन्होंने अपने दावे को मजबूत करने के लिए एडमिट कार्ड में दिए गए क्यूआर कोड से क्रॉस चेक करने का सुझाव भी दिया।

क्यूआर कोड में आरा वाली आकांक्षा का रोल नंबर गलत

जब दोनों ही आकांक्षा के एडमिट कार्ड में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन किया गया, तो उसमें गाजीपुर वाली आकांक्षा का दावा मजबूत लगा। उसे स्कैन करने पर वही रोल नंबर आए, जो एडमिट कार्ड में लिखे हैं। दूसरी ओर, जब आरा की आकांक्षा सिंह के क्यूआर कोड को स्कैन किया गया तो, उसमें अलग रोल नंबर दिख रहे हैं।

इसके बावजूद आरा वाली आकांक्षा सिंह जो ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया की पोती हैं, उनका दावा है कि वही असली आकांक्षा है, जिसने यूपीएससी क्रैक किया है। आरा वाली आकांक्षा ने अपने DAF-II फॉर्म की कॉपी भी दिखाई। उन्होंने कहा कि यह फॉर्म सिर्फ इंटरव्यू के दौरान ही भरा जाता है।

हालांकि, आरा वाली आकांक्षा के पास इंटरव्यू का कॉल लेटर नहीं है, इस बारे में उनका कहना है कि फोन फॉर्मेट होने पर वह डिलीट हो गया। अपने दावे को मजबूत करने के लिए उन्होंने इंटरव्यू वाले दिन आयोग के कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज चेक करवाने की भी चुनौती दे दी।

अब, यूपीएससी रिजल्ट में 301वीं रैंक असल में किसकी है, इस पर संशय बना हुआ है। आने वाले दिनों में आयोग की तरफ से जारी होने वाले आधिकारिक पत्र या बयान से ही इसकी पुष्टि हो सकती है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।