उपेंद्र कुशवाहा के तीन विधायकों के MLC कैंडिडेट रामपुकार चुनाव से हटे, कहा- NDA के लिए वोट करें
उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के बागी रामपुकार सिन्हा एमएलसी चुनाव के मैदान से बाहर हो गए हैं। उन्होंने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया है। रालोमो के चार में से तीन विधायकों के सहयोग से उन्होंने सारण शिक्षक सीट पर जेडीयू के आनंद पुष्कर के सामने निर्दलीय नामांकन किया था।

बिहार विधान परिषद चुनाव में उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के तीन विधायकों के समर्थन से निर्दलीय उतरे रामपुकार सिन्हा ने खुद को चुनावी मैदान से बाहर कर दिया है। उन्होंने एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशी को समर्थन देकर सत्ताधारी गठबंधन के लिए वोट मांगने का फैसला लिया है। रामपुकार सिन्हा ने शुक्रवार को यह घोषणा की। उन्होंने सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय पर्चा भरा था। रामपुकार के समर्थन में कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के चार में से तीन विधायक (माधव आनंद, आलोक सिंह और रामेश्वर महतो) भी थे। रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने शुक्रवार को कहा कि रामपुकार और हम तीनों विधायक अब एनडीए प्रत्याशी का प्रचार करेंगे। कुशवाहा ने बगावती तेवर अपनाने पर रामपुकार को रालोमो से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया था।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश महासचिव रहे रामपुकार सिन्हा ने शुक्रवार को पटना में ऐलान किया कि विधान परिषद चुनाव में वह एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए नेताओं के आदेश और आग्रह पर उन्होंने यह फैसला लिया है।
आलोक सिंह बोले- एनडीए के शीर्ष नेतृत्व का फैसला स्वीकार किया
वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर रामपुकार का समर्थन करने वाले रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक आलोक सिंह ने शुक्रवार को कहा कि एनडीए एक परिवार है। गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व का जो फैसला आया, उसे हमने स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि रामपुकार सिन्हा शिक्षक की नौकरी छोड़कर चुनाव की तैयारी कर रहे थे। इसलिए रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते हमने उनका समर्थन किया। हालांकि, हम एनडीए के सिपाही हैं। इसलिए एनडीए नेतृत्व का फैसला सर्वोप्परि है।
रामपुकार की रालोमो में होगी वापसी?
आलोक ने कहा कि एमएलसी चुनाव में पार्टी के तीनों विधायक मिलकर सारण शिक्षक सीट पर जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर का प्रचार करेंगे। रामपुकार सिन्हा भी साथ रहेंगे। उन्होंने चुनाव में एनडीए की जीत का दावा भी किया। आलोक सिंह ने रामपुकार सिन्हा की रालोमो में वापसी कराने के संकेत भी दिए।
माधव आनंद बोले- रालोमो में कोई टूट नहीं
रामपुकार सिन्हा के निर्दलीय चुनाव लड़ने और चार में से तीन विधायकों को उनका समर्थन देने के बाद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में टूट की चर्चा होने लगी। मधुबनी से रालोमो विधायक माधव आनंद ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी में किसी तरह की कोई टूट नहीं है। पार्टी के सभी विधायक और नेता एनडीए के साथ थे, हैं और रहेंगे। उन्होंने भी एनडीए के लिए प्रचार करने की बात कही।


