उपेंद्र कुशवाहा ने माधव आनंद को RLM विधायक दल का नेता बनाया, पत्नी स्नेहलता सचेतक
रालोमो चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाने के बाद पार्टी में हो रहे विरोध के बीच परिवार से बाहर के माधव आनंद को पार्टी के विधायक दल का नेता बनाया है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने माधव आनंद को बिहार विधानसभा में पार्टी के विधायक दल के नेता बनाया है। कुशवाहा ने अपनी पत्नी स्नेहलता को मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव के दौरान माधव आनंद ने रालोमो के टिकट पर मधुबनी से जीत हासिल की थी। वहीं, स्नेहलता कुशवाहा सासाराम से चुनाव जीतकर विधायक बनी हैं। नीतीश सरकार में रालोमो कोटे से उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बेटे दीपक प्रकाश को पिछले दिनों मंत्री बनाया था, जिससे पार्टी के अंदर नाराजगी की बात सामने आई।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सभी 4 नवनिर्वाचित विधायकों ने गत माह विधायक दल की पहली बैठक में सर्वसम्मति से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को विधानसभा में पार्टी के विधायक दल का नेता और सचेतक चुनने के लिए अधिकृत किया था। बुधवार को पार्टी की ओर से इस संबंध में विधानसभा के सचिव को पत्र भेजा।
बता दें कि एनडीए में 6 सीटें लेकर 4 पर जीत दर्ज करने वाली रालोमो के कोटे से नीतीश सरकार में उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया। दीपक ना तो विधानसभा और ना ही विधान परिषद के सदस्य हैं। पत्नी समेत 4 नवनिर्वाचित विधायकों को दरकिनार कर बेटे को मंत्री बनाने पर कुशवाहा की पार्टी में विरोध शुरू हो गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रवक्ता समेत कई पदाधिकारियों ने पिछले दिनों उपेंद्र कुशवाहा का साथ छोड़ दिया था। माधव आनंद के भी मंत्री नहीं बनने पर नाराजगी की बात सामने आई। अब उन्हें विधायक दल का नेता बनाने का कदम कुशवाहा द्वारा नाराजगी दूर करने के रूप में देखा जा रहा है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


