मन मुताबिक सीटें नहीं मिलने पर उपेंद्र कुशवाहा भावुक, पार्टी नेताओं से कहा- गुस्सा शांत करें
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी नेताओं से कहा कि मन मुताबिक सीटों की संख्या नहीं मिल पाई है। इसके लिए क्षमा चाहता हूं। आप अपना गुस्सा शांत करिए।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारा होने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी के नेताओं के लिए भावुक पोस्ट किया है। कुशवाहा ने मन मुताबिक सीटों की संख्या नहीं मिल पाने पर आरएलएम के नेता-कार्यकर्ताओं से माफी मांगी है और उनसे अपना गुस्सा शांत करने को कहा है। बता दें कि आरएलएम को 5 दलों के एनडीए गठबंधन में 6 सीटें मिली हैं।

राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने रविवार रात सोशल मीडिया पोस्ट में आरएलएम के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लिखा, “आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पाई। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों - लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परंतु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे।”
उन्होंने कहा, “किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं। मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अंदर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है। आपसे आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना ही।”
बता दें कि बिहार एनडीए में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग फॉर्मूला का ऐलान रविवार को हो गया। इसके तहत कुल 243 सीटों में जेडीयू और बीजेपी 101-101 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। वहीं, चिराग पासवान की एलजेपी-आर को 29, उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम एवं जीतनराम मांझी की हम को 6-6 सीटें दी गई हैं। दरअसल, कुशवाहा ने भाजपा के सामने 10 से ज्यादा सीटों की मांग रखी थी।



