अतीक गैंग के शूटर को गया जी से प्रयागराज ले गई यूपी पुलिस, पांच लाख का इनामी है अरमान
कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज पुलिस अरमान को अपने साथ गया जी से लेकर निकल गई। एसएसपी सुशील कुमार ने अरमान को यूपी पुलिस द्वारा ले जाए जाने की पुष्टि की है।

बिहार के गया जी केंद्रीय कारा में बंद अतीक गैंग के शूटर मो. अरमान को रविवार की शाम उत्तर प्रदेश पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज ले गई। उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी और पांच लाख के इनामी अरमान को ले जाने के लिए प्रयागराज पुलिस की टीम यहां पहुंची थी। यूपी पुलिस उससे उमेश पाल हत्याकांड में पूछताछ करेगी।
अरमान के गया जी जेल में बंद होने के खुलासे के बाद प्रयागराज पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने के लिए एक अक्तूबर को सिविल कोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट का आदेश प्राप्त होने के बाद रविवार को जेल की कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शाम पांच बजे कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज पुलिस अरमान को अपने साथ लेकर निकल गई। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने अरमान को यूपी पुलिस द्वारा ले जाए जाने की पुष्टि की है।
भाई ने जान पर खतरे की आशंका जताई
अरमान को प्रयागराज ले जाये जाने की सूचना मिलने पर उसके परिजन भी जेल गेट पर पहुंच गए, लेकिन तब तक पुलिस उसे लेकर रवाना हो चुकी थी। अरमान के छोटे भाई इमरान ने बताया कि सूचना मिलने पर परिवार के लोग भाई से मिलने गया जी जेल पहुंचे थे। जेल प्रशासन से पूछने पर उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद परिजन जेल के बाहर गेट पर इंतजार करते रहे। बाद में उन्हें पता चला कि शाम पांच बजे ही यूपी पुलिस अरमान को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। इमरान ने भाई की जान को खतरा होने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि परिवार को डर है कि प्रयागराज ले जाने के दौरान अरमान के साथ कोई अनहोनी न हो जाए।
उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी है अरमान
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड की जांच के दौरान अरमान का नाम सामने आया था। यूपी पुलिस के मुताबिक, वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक सवार दिखाई दिया था। पुलिस का आरोप है कि बाइक अरमान चला रहा था और उसके पीछे गुड्डू मुस्लिम बैठा था। इसके बाद पुलिस ने अरमान पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
गया लौटने के बाद फायरिंग केस में सरेंडर
हत्याकांड के बाद पुलिस से बचने के लिए अरमान गया जी लौट आया था। गया जी शहर के कठोतर तालाब मोहल्ले का रहने वाला अरमान यहां भोलू अंडा वाले पर हुई फायरिंग के मामले में भी आरोपी बना था। केस दर्ज होने के बाद उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। 27 फरवरी 2023 को उसे गया केंद्रीय कारा भेज दिया गया। तब से वह गया जेल में बंद था।
जेल रिकॉर्ड खंगालकर की पहचान
उमेश पाल हत्याकांड में अरमान की तलाश कर रही प्रयागराज पुलिस को 30 सितंबर को उसके गया केंद्रीय कारा में बंद होने की जानकारी मिली। इसके बाद धूमनगंज पुलिस की टीम गया जी सेंट्रल जेल पहुंची। टीम ने जेल के रिकॉर्ड खंगाले और अरमान की पहचान की। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई थी।

