13 साल की भतीजी ने ई-रिक्शा की सीट कवर फाड़ दी, चाचा ने पीट-पीट कर मार डाला
बिहार के कटिहार जिले में एक चाचा महज इसलिए हैवान बन गया क्योंकि उसकी भतीजी ने ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ दिया। गुस्साए चाचा ने भतीजी को मौत के घाट उतार दिया है।

बिहार के कटिहार जिले में एक चाचा के पाप को सुनकर सिहर उठेंगे। इस चाचा ने मामूली सी बात पर अपनी 13 साल की भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी है। भतीजी अपने चाचा-चाची के साथ ही रहती थी। कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र के शब्दा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या -दो रुचदेव सिमरिया लोहनी गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।यहाँ महज ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने के मामूली आरोप में एक निर्दयी चाचा ने अपनी 13 वर्षीय नाबालिग भतीजी की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान दिलीप कुमार मंडल की 13 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी के रूप में हुई है।घ टना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई में जुट गए। घटना के बाद से आरोपी अपने पूरे परिवार के साथ घर छोड़कर फरार बताया जाता है।
मृतका के नाना ढोराय मंडल (निवासी लोहनी) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कोमल कुमारी के बड़े चाचा अखिलेश मंडल का आरोप था कि उसने ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ा है। इसी बात को लेकर गुरुवार सुबह करीब सात बजे अखिलेश मंडल ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर मासूम भतीजी का बेरहमी से पिटाई कर दिया। जिस कारण बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि मृतिका कोमल की मां का कुछ वर्ष पहले ही देहांत हो चुका था। वह चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी।
मां की मौत के बाद उसकी छोटी चाची मनीषा देवी ही उसका पालन-पोषण कर रही थीं। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद मृतका के पिता दिलीप कुमार मंडल,बहनें अंजली, ज्योति,वंदना और भाई नंदू कुमार सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी शुरू कर दिया है। वहीं इस ह्रदयविदारक घटना को लेकर आस-पड़ोस सहित ग्रामीणों के बीच आक्रोश का माहौल है।
मामले में थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों द्वारा आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


