बिहार में एनकाउंटर के दौरान दो बहनों को लगी गोली; चोरों से मुठभेड़ में पुलिस ने फायरिंग की थी
सीवान जिले में चोरों से एनकाउंटर के दौरान पुलिस फायरिंग में दो सगी बहनों को गोली लग गई हैं। जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाएं हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बिहार के सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के खोड़ीपाकड़ गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान दो सगी बहनों को गोली लग गई। गोली लगने से घायल दोनों युवतियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। घायल बहनों की पहचान 18 वर्षीय अंजू कुमारी और नीतू कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, गांव के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। रात करीब दो बजे ट्रक के आसपास संदिग्ध गतिविधि देखी गई। आरोप है कि कुछ लोग ट्रक का पहिया खोल रहे थे। इसकी जानकारी परिवार के एक सदस्य ने पास की दुकान के मालिक को दी, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान घर के दरवाजे पर खड़ी वकील पंडित की दोनों बेटियों को गोली लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस को देखते ही चोर मौके से फरार हो गए थे, ऐसे में फायरिंग का कोई औचित्य नहीं था। घटनास्थल से गोली के खोखे भी बरामद हुए हैं, जिससे जानबूझकर फायरिंग किए जाने के आरोप और गंभीर हो गए हैं। वहीं, भगवानपुर हाट थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि चोरों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली पुलिस की थी या अपराधियों की। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





