बिहार में दो नई रेल लाइन का सर्वे जल्द, सीतामढ़ी से सुरसंड तक आसान होगा सफर

Jan 17, 2026 09:52 am ISTJayesh Jetawat हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share Share
Follow Us on

बिहार में दो नई रेल लाइन बनने वाली हैं, जिनका सर्वे जल्द शुरू होने वाला है। रेलवे ने इसकी निविदा जारी कर दी है। सीतामढ़ी से सुरसंड और ललितग्राम से वीरपुर तक लाइन बिछाई जाएगी। मिथिलांचल और सीमांचल के लोगों को इससे फायदा होगा।

बिहार में दो नई रेल लाइन का सर्वे जल्द, सीतामढ़ी से सुरसंड तक आसान होगा सफर

बिहार में दो नई रेल लाइन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीतामढ़ी से जयनगर, निर्मली वाया सुरसंड तक 188 किलोमीटर और ललित ग्राम से वीरपुर तक 22 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का सर्वे जल्द होगा। दोनों रेल लाइन के निर्माण के लिए रेलवे की ओर से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने से पहले एलाइनमेंट का फाइनल सर्वे किया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है। फरवरी में एजेंसी का चयन के बाद सर्वे शुरू किया जाएगा।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य अभियंता (निर्माण) महबूब आलम ने बिहार सरकार के ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव को पत्र लिखकर बताया कि ललित ग्राम से वीरपुर रेल लाइन के लिए रेलवे बोर्ड ने 9 सितंबर 2025 को एलाइनमेंट के अंतिम सर्वे को मंजूरी दी थी। सीतामढ़ी से जयनगर, निर्मली वाया सुरसंड रेल परियोजना को 2008-09 में मंजूरी मिली थी। मगर रेलवे बोर्ड ने 2019 में इसे रोक दिया था। इसके बाद 29 सितंबर 2025 को रेलवे बोर्ड ने परियोजना को फिर से शुरू कर दिया।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का डीपीआर तैयार करने से पहले एलाइनमेंट के फाइनल सर्वे के लिए निविदा जारी कर दी गई है। फरवरी में निविदा के बाद सर्वे शुरू होगा।

नेपाल सीमा तक मजबूत होगा संपर्क

सुपौल जिले के ललित ग्राम से वीरपुर तक 22 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बनने से नेपाल सीमा तक आवागमन सुगम होगा। इससे व्यापार, पर्यटन और सीमावर्ती विकास को नई गति मिलेगी। रेल लाइन से ना सिर्फ जिले को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि भारत-नेपाल सीमा के पास आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत होंगी।

मिथिला और सीमांचल के लोगों को सुविधा

सीतामढ़ी से सुरसंड तक नई रेल लाइन बनने से सुपौल, मधुबनी और सीतामढ़ी सहित पूरे मिथिलांचल और सीमांचल क्षेत्र को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। इन इलाकों में अभी रेल नेटवर्क सीमित है, जिससे व्यापार और आवागमन में कठिनाई होती है। नई रेल लाइन बनने के बाद ना सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि कृषि उत्पादों, छोटे उद्योगों और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा बाजार मिलेगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें