
मुझे बचा लो; बेटी का फोन कॉल नहीं भूल रही मां, 2 माह बाद भी 19 साल की शिवानी का सुराग नहीं
इंटर में पढ़ाई कर रही युवती देर शाम तक घर नहीं लौटने पर मां ने मोबाइल पर कई बार सम्पर्क किया। युवती का मोबाइल बंद होने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। 2 माह बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा है।
बिहार के सासाराम में ब्यूटी पार्लर का समान ख़रीदने नोखा बाजार गई बेटी को ग़ायब हुए दो माह पूर्ण हो गए फिर भी अभी तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन सदमे में हैं। लाचार अभिभावक थाना पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस बांका में पदस्थापित फॉरेस्टर, कांड का मुख्य नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बच्ची की बरामदगी हेतु अभियुक्त को रिमांड पर लेने की कार्रवाई जारी है। एसपी की दखल के बाद मामले में एफआईआर दर्ज किया गया था।
दर्ज प्राथमिकी अनुसार विगत वर्ष 20 नवंबर शाम 6.45 बजे प्रखंड अंतर्गत भटौली गांव निवासी रमेश राय की पुत्री (19 वर्ष) शिवानी कुमारी नोखा बस स्टैंड स्थित अपने मकान से ब्यूटी पार्लर की सामग्री ख़रीदने निकली थी। इंटर में पढ़ाई कर रही युवती देर शाम तक घर नहीं लौटने पर मां ने मोबाइल पर कई बार सम्पर्क किया। युवती का मोबाइल बंद होने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। इसके बाद कई संभावित जगहों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन सुराग नहीं मिला। मध्य रात्रि 12.06 बजे बेटी का कॉल माँ के मोबाइल पर आया। बोली माँ हमें बचा लो। भोजपुर जिला तरारी थाना के खरौना निवासी प्रिंस कुमार राय अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण कर देवघर के तरफ़ लाया है। ये सभी आपस में मेरी जान मारने की बात कर रहे हैं।
बच्ची की मां का पुलिस पर आरोप है कि 21 नवंबर को थाना में आवेदन दिए जाने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। जब 24 नवंबर को पुलिस अधिक्षक रोहतास से मिलकर लिखित शिकायत की तो नोखा थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई। अपहृता की माँ ने पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सूचना मिलने के ठीक बाद त्वरित कार्रवाई की गई होती तो मेरी बेटी अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त हो गई होती।
बताया जाता है कि आरोपी और अपहृता के बीच पूर्व से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों दूर के रिस्तेदार भी थे। किस वजह से ये घटना घटी और अभी तक उसका कहीं सुराग नहीं मिला है। परिजन थाना पहुँचकर बेटी की बरामदगी के लिए हंगामा भी किया।
मामले मेंसासाराम डीएसपी 2 कुमार बैभव ने बताया कि अपहरण मामले में नामजद अभियुक्त बांका के वर्तमान फॉरेस्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अपहृता के बरामदगी हेतु मुख्य अभियुक्त को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है। कांड में संलिप्त अपराधियों को किसी भी सूरत में बक्सा नहीं जाएगा। चाहे वो कितना भी बड़ा रसूख वाला क्यों न हो।





