बिहार में पुलिस एनकाउंटर, कुंदन ठाकुर और प्रियांश दुबे मारा गया, एक STF जवान भी शहीद

Nishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, मोतिहारी
share

मोतिहारी में पुलिस मुठभेड़ में दो अपराधी मारे गए हैं। एसटीएफ के एक जवान भी शहीद हुए हैं। अपराधी की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के तौर पर हुई है। शहीद एसटीएफ जवान राम यादव हैं।

बिहार में पुलिस एनकाउंटर, कुंदन ठाकुर और प्रियांश दुबे मारा गया, एक STF जवान भी शहीद

बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस-अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में जहां दो अपराधी मारे गए हैं तो वहीं एसटीएफ के एक जवान शहीद हो गए हैं। जानकारी के मुतबिक, चकिया थाना क्षेत्र के बुलाचक रामडीह गांव के समीप सिहोर्वा गांव में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में दो अपराधी मारे गए और स्पेशल टास्क फोर्स के एक जवान शहीद हो गए। मृत अपराधी की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के तौर पर हुई है।इस एनकाउंटर के दौरान शहीद हुए एसटीएफ जवान की पहचान श्री राम यादव के रुप में हुई है। दोनों अपराधी चकिया के बुलाचक गांव के निवासी थे। घटना सोमवार की रात 2:30 बजे की बताई जा रही है। घटना स्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है। जिसमें एक कार्रवाइन ,दो पिस्टल, दो कट्टा, 5 जिंदा कारतूस और 17 खोखा शामिल है।

थानेदार को पहले धमकी दी थी

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों अपराधियो ने पहले चकिया थाने के अपर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार को फोन पर धमकी दी थी। धमकी के बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस किया उसके बाद छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ही बदमाशी ने फायरिंग की। उसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश मारे गए।बेलचक, सिहोर्वा व रामडीह गांव में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। डीआईजी व एसपी घटनास्थल पर पहुंच चुके है। बताया जा रहा है कि इस एनकाउंटर के बाद से इलाके में सनसनी मच गई है। गांव के प्रवेश द्वार से किसी को फिलहाल आने-जाने की अनुमति नहीं है। गांव के चारों तरफ पुलिस ने घेराबंदी की है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उज्जवल कुमार व संत कुमार तिवारी नाम के 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

मुठभेड़ में मारा गया अपराधी प्रियांशु दुबे

पुलिस ने क्या कहा…

इस मुठभेड़ को लेकर पुलिस ने बताया है कि चकिया इलाके में वायरल वीडियो के आधार पर एक केस दर्ज किया गया था। जिसके बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुंदन ठाकुर अपने गिरोह के सदस्यों और हथियार के साथ अपने एक दोस्त के घर पर छिपा हुआ है। इसी सूचना पर पुलिस ने रेड डाली। रेड के दौरान कुंदन और उसके साथियों ने पुलिस पर गोली चला दी। इस गोली से पुलिस के एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिसमें अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु कुमार ढेर हो गए। पुलिस ने बताया है कि कुंदन ठाकुर पर चकिया थाने में आर्म्स ऐक्ट के कई मामले दर्ज थे और इसके अलावा उसपर मुजफ्फरपुर के राजोपुर थाने में भी केस दर्ज था।

बिहार पुलिस ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही

बता दें कि पिछले कुछ दिनों से बिहार पुलिस ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही है। इससे पहले पटना से सटे बाढ़ में पंडारक के दियारा में सोमवार की दोपहर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की अपराधियों के साथ मुठभेड़ में बदमाश धीरज कुमार (30) के पैर में गोली लगी थी। एसटीएफ को दियारा में जबरन फसल कटवाने और दो गुटों के जुटने की सूचना मिली थी।

पुलिस को मौके से दो राइफल, बंदूक, रिवाल्वर, 59 गोलियां और खोखा बरामद हुए थे। पुलिस ने मौके से जख्मी धीरज समेत पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया था। धीरज के विरुद्ध कदमकुआं व भदौर थाने में आर्म्स एक्ट जानलेवा हमले आदि के मामले दर्ज हैं।

छपरा: मशरक शराब कांड का मुख्य आरोपित पुलिस मुठभेड़ में जख्मी

इससे पहले छपरा में मशरक शराब कांड के मुख्य आरोपित सूरज कुमार महतो पुलिस से मुठभेड़ घायल हो गया था। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था। जानकारी सामने आई थी कि रविवार की देर रात मशरक के सिमरी चंवर के समीप पानापुर और मशरक थाना क्षेत्र की सीमा पर आरोपित द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें सूरज महतो के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे पहले मशरक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया था।

एएसपी सदर राम पुकार सिंह ने बताया था कि मशरक और पानापुर क्षेत्र में हुए शराब कांड के बाद से सूरजफरार चल रहा था। उसके पास से एक पिस्तौल, दो खोखा और एक कारतूस बरामद हुए। पुलिस को अपराधियों के पास से दो रायफल, बंदूक, रिवाल्वर, 59 गोलियां और सात खोखा बरामद हुए थे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।